महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष पद से नाना पटोले की छुट्टी, असेंबली में बजट फाड़ने वाले हर्षवर्धन सपकल को कमान
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सपकल की नियुक्ति की है।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नाना पटोले के अध्यक्ष पद से हटा दिया है। उनकी जगह आज (बृहस्पतिवार को) पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकल को राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हर्षवर्धन सपकल की नियुक्ति की है। 57 वर्षीय सपकल 2014 से 2019 तक बुलढाणा से कांग्रेस के विधायक रहे हैं। उन्हें नेता विपक्ष राहुल गांधी का करीबी माना जाता है।
22 मार्च 2017 को महाराष्ट्र विधानसभा में बजट सत्र के दौरान हंगामा करने, तत्कालीन वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को बजट भाषण देने से रोकने और बजट की कॉपी फाड़ने पर हर्षवर्धन सपकल को महाराष्ट्र विधानसभा से 31 दिसंबर तक निलंबित कर दिया गया था। उनके साथ कुल 19 विधायकों को सस्पेंड किया गया था, जिनमें 9 कांग्रेस से थे और 10 एनसीपी के थे।
एक और बदलाव में महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार को एक बार फिर से विधायक दल का नेता बनाया गया है। गत 20 नवंबर को हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 101 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस केवल 16 सीट ही जीत सकी, जो राज्य में उसका अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन है।
पिछले साल नवंबर में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को अब तक की सबसे बुरी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद नाना पटोले ने प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ने की पेशकश की थी और केंद्रीय नेतृत्व से संगठनात्मक पद की जिम्मेदारी से मुक्त करने का अनुरोध किया था। हालांकि, पार्टी ने तब उनकी बात नहीं मानी थी और उन्हें पद पर बने रहने को कहा था लेकिन पार्टी तभी से उनके उत्तराधिकारी की खोज कर रही थी, जो अब सपकल पर जाकर खत्म हुई है।