खाना खाते समय मुंह में गई मधुमक्खी ने महिला को काटा, थोड़ी देर बाद मौत; MP में हैरान करने वाली घटना
- पुलिस के अनुसार मधुमक्खी के डंक से महिला के गले में सूजन आ गई और उसे इलाज के लिए मानपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उसे शिवपुरी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां खाना खाते समय मधुमक्खी के काटने से महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि खाने के निवाले के साथ एक मधुमक्खी भी महिला के मुंह में चली गई थी और जिसके बाद उसने अंदर जीभ पर महिला को डंक मार दिया था।
यह घटना जिले के भोंती थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में हुई। पुलिस के अनुसार मधुमक्खी के डंक से महिला के गले में सूजन आ गई और उसे इलाज के लिए मानपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उसे शिवपुरी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत महिला का नाम रामकुंवर लोधी (46) है, जो कि रविवार रात को अपने खेत पर खाना खा रही थी। उसी समय मधुमक्खी ने उसे जीभ में काट लिया। जिसके बाद उसने चीखते हुए निवाला उगल दिया। इसके बाद उसने कुल्ला करते हुए बाद में पूरा खाना खत्म भी किया। इस दौरान उसने कुछ और रोटियां भी खाईं।
हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे उसके गले में सूजन आ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद उसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर शिवपुरी जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि वहां पहुंचने पर उसे मृत बताया गया। हालांकि परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
उधर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजन इसके लिए राजी नहीं हुए और शव को गांव ले गए। पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है।
(वार्ता इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।