तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, एक भाई की मौत, दूसरा घायल
बगोदर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक युवक, विनायक चरण सिंह, की मौत हो गई और दूसरा युवक, अविनाश चरण सिंह, गंभीर रूप से घायल है। दोनों चचेरा भाई...

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर थाना क्षेत्र में रफ्तार की कहर एक बार फिर सामने आई है। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक पर दो युवक सवार थे। इसमें एक की मौत हो गई है जबकि दूसरे का इलाज हजारीबाग में चल रहा है। मृतक का नाम विनायक चरण सिंह है। वह बगोदर थाना क्षेत्र के धरगुल्ली गांव का रहने वाला था। इस घटना में अविनाश चरण सिंह घायल है। वह भी धरगुल्ली का रहने वाला है। दोनों चचेरा भाई हैं। बताया जाता है कि बाइक पर सवार होकर दोनों भाई बगोदर की ओर आ रहा था। इसी बीच पुराने जीटी रोड अंतर्गत मंझलाडीह के पास उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
स्थानीय लोगों एवं पुलिस के सहयोग से घायलों को बगोदर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। एसआई सविता कुमारी दल- बल के साथ ट्रामा सेंटर पहुंची हुई थी। उन्होंने घटना का जायजा लिया। ट्रामा सेंटर में प्राथमिक इलाज किए जाने के बाद दोनों को हजारीबाग रेफर कर दिया गया था। मगर गंभीर रूप से घायल विनायक चरण सिंह की रास्ते में ही मौत हो गई। इसके बाद उसका शव बगोदर लाया गया। स्थानीय निवासी सह पंचायत समिति सदस्य पशुपति शर्मा भी घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंचे हुए थे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।