सारठ : आधार सुधार केंद्र बंद रहने से लोगों को हो रही परेशानी
सारठ में स्थायी आधार केंद्र वर्षों से बंद है, जिससे लोगों को आधार से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण वे सरकारी सेवाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। बीआरसी में एक आधार केंद्र संचालित...

सारठ, प्रतिनिधि। प्रखंड कार्यालय अवस्थित स्थायी आधार केंद्र वर्षों से बंद पड़ा हुआ है। इस कारण लोगों को आधार से संबंधित समस्याओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थायी आधार सुधार केंद्र खोला गया था, जहां लोगों का नए आधार कार्ड बनाने के साथ साथ उसमें अन्य प्रकार के सुधार किए जाते थे। बीते एक वर्ष से स्थायी आधार केंद्र बंद रहने से लोगों की आधार संबंधित समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताते चलें कि प्रखंड क्षेत्र के बीआरसी में एक आधार केंद्र का संचालन हो रहा है जहां स्कूली बच्चों का आधार सुधार व नया आधार कार्ड बनाया जा रहा है। लेकिन यह केंद्र भी निरंतर खुला नहीं रहता है। वहीं एकमात्र आधार सेंटर के निरंतर नहीं खुलने से आज भी कई स्कूली बच्चे आधार कार्ड से वंचित हैं। साथ ही सारठ समेत पूरे प्रखंड क्षेत्र में एक भी स्थायी आधार केंद्र नहीं रहने से लोग आधार संबंधित समस्याओं के लिए भटकते रहते हैं।
क्या कहते हैं बीडीओ : इस विषय से जिले के वरीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थायी आधार केंद्र चालू कर दिया जाएगा।
चंदन कुमार सिंह, बीडीओ, सारठ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।