Notification Icon
Hindi Newsविदेश न्यूज़vladimir putin big win in ukraine russia capture another city in east ukraine hold 420 km area

पुतिन को यूक्रेन में बड़ी कामयाबी; 420 KM तक कब्जा, एक और शहर पर लहराया रूसी झंडा

  • रूसी सेना यूक्रेनी शहरों को तबाह करते हुए कीव की तरफ लगातार आगे बढ़ रही है। रिपोर्ट है कि बीते 14 जून से रूसी सेना यूक्रेन के 420 वर्ग किलोमीटर एरिया पर कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं यूक्रेन का दूसरा शहर भी रूसी सेना ने यूक्रेन से अलग कर दिया है।

Gaurav Kala लाइव हिन्दुस्तानTue, 6 Aug 2024 01:33 PM
share Share

Putin big win in Ukraine: रूस और यूक्रेन के बीच जंग को ढाई साल से ज्यादा का वक्त हो गया है और दोनों में से किसी भी देश ने अपनी हार नहीं स्वीकारी है। हालांकि अमेरिका और यूरोपीय देशों की मदद से जहां यूक्रेन पहले रूस को लोहे के दांत चबवा रहा था अब रूसी सेना की रणनीति के आगे यूक्रेनी दांव फेल हो रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में यूक्रेन को युद्ध में काफी नुकसान हो रहा है। रूसी सेना यूक्रेनी इलाकों को तबाह करते हुए कीव की तरफ लगातार आगे बढ़ रही है। नई रिपोर्ट है कि बीते 14 जून से रूसी सेना यूक्रेन के 420 वर्ग किलोमीटर एरिया पर कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं यूक्रेन का दूसरा शहर भी रूसी सेना ने यूक्रेन से अलग कर दिया है।

इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने मंगलवार को व्लादिमीर पुतिन की सेना के हवाले से बताया कि कहा कि रूस ने 14 जून से यूक्रेनी क्षेत्र के 420 वर्ग किलोमीटर (162 वर्ग मील) हिस्से पर कब्जा कर लिया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इतना ही नहीं रूसी सेना ने पूर्वी यूक्रेन में एक और यूक्रेनी शहर पर अपना कब्जा कर लिया है। मंगलवार को रूसी सेना डोनेट्स्क क्षेत्र में टिमोफिइवका गांव पर अपना झंडा लहराया।

यूक्रेन में पुतिन की कामयाबी की राह कितनी कठिन

22 फरवरी 2022 को जब रूस ने पूरी ताकत से यू्क्रेन पर आक्रमण शुरू किया था तो तब पुतिन को अंदाजा नहीं था कि यह युद्ध इतना लंबा चलेगा और उसे अपने लाखों सैनिकों की कुर्बानी देनी पड़ेगी। अमेरिका और कई यूरोपीय देशों की मदद से छोटा सा यूक्रेन रूस के खिलाफ युद्ध में आग उगल रहा था। वलोडोमिर जेलेंस्की के नेतृत्व में यूक्रेन ने रूस को लोहे के दांत चबवा दिए। ऐसे कई मौके आए जब पुतिन ने आपा खोया और अमेरिका को परमाणु युद्ध तक की धमकी दे डाली। हालांकि पुतिन की सेना यूक्रेन से पीछे नहीं हटी और हमले लगातार जारी रखे। लगातार बदलती रणनीति और विस्फोटक हथियारों की मदद से रूसी सैनिक यूक्रेन पर लगातार हावी होते रहे।

हर दिन 1000 रूसी सैनिकों की मौत

एनवाईटी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन में रूसी सेना को मिल रही बढ़त का दूसरा पहलू यह भी है कि जंग में मिल रही कामयाबी के लिए पुतिन को भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। पिछले तीन महीनों में रूसी सेना ने बड़े पैमाने पर अपने सैनिकों को खोया है। जून और जुलाई महीने में ही 70 हजार रूसी सैनिकों की मौत हो गई। आंकड़ों के मुताबिक, हर दिन कम से कम 1000 रूसी सैनिक युद्ध में मारे जा रहे हैं। अगस्त के पहले सप्ताह में यह आंकड़ा और ज्यादा हो सकता है।

खारकीव में बैलिस्टिक मिसाइल से अस्पताल को उड़ाया

खारकीव क्षेत्र के गवर्नर ने कहा कि मंगलवार को पूर्वोत्तर यूक्रेन के खारकीव शहर पर एक रूसी मिसाइल हमले ने एक अस्पताल को क्षतिग्रस्त कर दिया और कम से कम पांच लोग घायल हो गए। ओलेह सिनीहुबोव ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर यह भी कहा कि रूसी सेना ने सुबह के हमले में इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि इससे दर्जनों कारों और आवासीय भवनों और कुछ प्रशासनिक भवनों को नुकसान पहुंचा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें