Notification Icon
Hindi Newsविदेश न्यूज़ukraine big attack in russian arsenal people feel earthquake NASA report

यूक्रेन के हमले ने रूस में ला दिया भूकंप, 6 KM तक फैल गई आग, NASA तक को पता चला; वीडियो

  • यूक्रेन ने इस बार रूस के अंदर इतना भयावह हमला किया कि भूकंप आ गया। करीब 6 किलोमीटर तक आग फैल गई। नासा ने भी इलाके में भूकंप की रिपोर्ट की है। आस-पास के लोगों को इलाके से भागना पड़ा।

Gaurav Kala रॉयटर्सThu, 19 Sep 2024 06:14 AM
share Share

यूक्रेन ने रूस के अंदर इतना भयावह हमला किया है कि भूकंप आ गया। करीब 6 किलोमीटर तक आग फैल गई। आस-पास के लोगों को इलाके से भागना पड़ा। यूक्रेन ने ड्रोन अटैक में रूस के बड़े हथियार डिपो को नष्ट कर दिया है। डिपो में आग से इतनी तबाही मच गई, कई बैलिस्टिक मिसाइलें, हथियार और गोला-बारूद नष्ट हो गए। धमाके इतने जोरदार थे कि नासा के उपग्रहों ने रूस के उस एरिया में भूकंप की सूचना दे दी। इलाके में रूसी लोगों को भूकंप के झटके महसूस हुए।

यूक्रेन ने एक बार फिर रूस को निशाना बनाया है। यूक्रेनी हमलों के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। यूक्रेन ने बुधवार को पश्चिमी रूस में टोरोपेट्स शहर में रूस के हथियार डिपो पर ड्रोन से हमला किया। हमला इतना भयावह था कि आग की लपटें 6 किलोमीटर तक फैल गई। यूक्रेन ने इस हमले से एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह रूस में घुसकर उसकी धरती को भी दहला सकता है। कुछ महीने पहले यूक्रेन ने रूस के कुर्स्क शहर में कई किलोमीटर तक कब्जा कर लिया था। कुर्स्क शहर में भी यूक्रेनी लड़ाकों के आगे रूसी सेना संघर्ष करती नजर आई।

नासा ने हमलों के बाद भूकंप की रिपोर्ट दी

शस्त्रागार को निशाना बनाकर किए गए यूक्रेनी ड्रोन हमले के कारण इलाके में 6 किलोमीटर तक आग फैल गई। जिसके कारण पश्चिमी रूस में आंशिक रूप से लोगों को खाली कराना पड़ा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के उपग्रहों ने भी यूक्रेनी हमलों के बाद रूस के उस इलाके में भूकंप की रिपोर्ट दी। शुरुआती घंटों में एरिया पर लगभग 14 वर्ग किलोमीटर (5 वर्ग मील) के क्षेत्र में भूकंप महसूस हुआ। भूकंप निगरानी स्टेशनों ने भी रिपोर्ट किया कि क्षेत्र में एक छोटा भूकंप महसूस किया है।

 

हमला कैसे हुआ, कितना नुकसान

जानकारी के अनुसार, बुधवार को मॉस्को से उत्तर-पश्चिम में 400 किलोमीटर दूर टोरोपेट्स शहर के पास एक बड़े शस्त्रागार को निशाना बनाया गया। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि यूक्रेन के ड्रोन अटैक के बाद रूस का शस्त्रागार पूरी तरह से तबाह हो गया। वहां रखे बैलिस्टिक मिसाइलें, गोला-बारूद समेत कई हथियार नष्ट हो गए। कई किलोमीटर सिर्फ आग ही आग नजर आ रही थी। हमलों की भयावहता इतनी थी कि आस-पास के लोगों ने भूकंप महसूस किया। रूस प्रशासन की मदद से लोगों को इलाका खाली करना पड़ा।

उधर, यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने हमले के बाद अपने वीडियो संबोधन में रूस पर हुए इस हमले पर सेना की तारीफ की। कहा कि हम रूस पर अपने लक्ष्यों की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ज़ेलेंस्की ने कहा, "रूसी क्षेत्र में एक बहुत ही महत्वपूर्ण परिणाम हासिल किया गया और इस तरह की कार्रवाइयां दुश्मन को कमजोर करती हैं। मैं इसमें शामिल सभी लोगों को धन्यवाद देता हूं। ऐसा सटीक हमला वास्तव में प्रेरणादायक है।"

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें