Sunita Williams: सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष में फिर किया कमाल, 8वीं बार बनाया रिकॉर्ड; VIDEO
Sunita Williams: नासा कई दिनों से इस स्पेसवॉक की तैयारी कर रहा था और उसका बेसब्री से इंतजार कर रहा था। NASA ने दोनों अंतरिक्ष यात्रियों के चहलकदमी का वीडियो साझा किया है

Sunita Williams: भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और NASA के अभियान पर अंतरिक्ष में गईं सुनीता विलियम्स ने आज (गुरुवार, 16 जनवरी को) फिर कमाल किया है। उन्होंने अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर निकलकर स्पेसवॉक (चहलकदमी) की है। यह विलियम्स के लिए आठवां स्पेसवॉक था, जो पहले भी अंतरिक्ष स्टेशन पर रह चुकी हैं। नासा के मुताबिक ऐसा उन्होंने 12 साल बाद किया है। सुनीता विलियम्स के साथ दूसरे अंतरिक्ष यात्री निक हेग भी थे।
नासा कई दिनों से इस स्पेसवॉक की तैयारी कर रहा था और उसका बेसब्री से इंतजार कर रहा था। नासा ने दोनों अंतरिक्ष यात्रियों के चहलकदमी का वीडियो साझा किया है और कहा है कि हमारे दो अंतरिक्ष यात्री निक हेग और सुनी विलियम्स, हमारे NICER (न्यूट्रॉन स्टार इंटीरियर कंपोजिशन एक्सप्लोरर) एक्स-रे टेलीस्कोप की मरम्मत सहित स्टेशन को अपग्रेड करने के लिए स्पेस स्टेशन से बाहर निकले हैं। सोशल मीडिया एक्स पर नासा ने इस स्पेस वॉक का लाइव प्रसारण भी किया है।
दोनों अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों ने सात महीने बाद भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे के करीब पहली बार चहलकदमी की है। सात महीने पहले दोनों अंतरिक्ष यात्री अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचे थे। इस स्पेस स्टेशन की कमांडर सुनीता विलियम्स को निक हेग के साथ स्पेस स्टेशन से बाहर निकलकर कुछ मरम्मत के काम निपटाने थे। दोनों अंतरिक्ष यात्री स्पेस स्टेशन से तब बाहर आए, जब पृथ्वी की कक्षा में स्थित यह प्रयोगशाला तुर्कमेनिस्तान से 260 मील (420 किलोमीटर) ऊपर चक्कर लगा रहा था। उस दौरान सुनीता विलियम्स ने रेडियो पर कहा, “मैं बाहर आ रही हूं।”
स्पेसवॉक उस प्रक्रिया को कहते हैं, जिसमें कोई अंतरिक्ष यात्री किसी अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर निकलकर कोई एक्सपेरिमेंट करता है या स्पेस स्टेशन में कोई मरम्मत काक काम करता है। इस बार सुनीता विलियम्स और निक हेग ने नासा के NICER एक्सरे टेलिस्कोप को रिपेयर किया है। इसके अलावा उन्हें कैनडॉर्म2 रोबोटिक आर्म को भी अपडेट करना है।
बता दें कि सुनीता विलियम्स और उनके सह यात्री बुच विल्मोर पिछले साल 5 जून को स्पेस स्टेशन में पहुंचे थे और निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक एक हफ्ते बाद ही उन्हों धरती पर लौटना था लेकिन स्टारलाइनर कैप्सूल यान में खराबी आने के बाद दोनों पिछले सात महीने से वहीं फंसे हुए हैं। नासा के मुताबिक, वह मार्च या अप्रैल तक वापस धरती पर आ सकती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।