जबरदस्ती कर रहा था किस, महिला ने काट दी जीभ; कोर्ट पहुंचा रेप की कोशिश का मामला
- रिपोर्ट के मुताबिक, चोई के साथ यह घटना 6 मई, 1964 को हुई। नोह नाम के 21 वर्षीय व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की। लड़की ने इसका विरोध किया और बचने के लिए उसकी जीभ का 1.5 सेमी हिस्सा काट लिया।

दक्षिण कोरिया में बलात्कार की कोशिश का एक पुराना मामला सुर्खियों में है। एक महिला को करीब 6 दशक पहले खुद को रेप से बचाने के दौरान हुए अपराध का दोषी ठहराया गया था। अब इस केस को लेकर फिर से जांच शुरू हो गई है। पीड़िता का नाम चोई माल-जा है जो अब 78 साल की हैं। जब वह 18 साल की थी तो उसके साथ एक शख्स ने बलात्कार का प्रयास किया। इस दौरान उसने अपनी सुरक्षा में हमलावर की जीभ का एक हिस्सा काट लिया था। उसने यह कदम आत्मरक्षा में उठाया। इसके बावजूद, उसे गंभीर शारीरिक चोट पहुंचाने का दोषी पाया गया और 10 महीने की जेल की सजा हुई।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, चोई ने सबसे पहले बुसान जिला न्यायालय का रुख किया जिसने उसे 1960 के दशक में दोषी ठहराया था। यहां से उसे राहत नहीं मिली क्योंकि अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए उसके पास सबूतों की कमी थी। इसके बाद उसने बुसान हाई कोर्ट में अपील दायर की, मगर निराशा ही हाथ लगी। आखिरकार उसने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जिसने उच्च न्यायालय को मामले पर दोबारा नजर डालने का आदेश दिया। एससी ने यह भी पाया कि 1964 और 1965 में जांच के दौरान चोई को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया।
हमलावर से शादी करने का दबाव
रिपोर्ट के मुताबिक, चोई के साथ यह घटना 6 मई, 1964 को हुई। नोह नाम के 21 वर्षीय व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की। लड़की ने इसका विरोध किया और बचने के लिए उसकी जीभ का 1.5 सेमी हिस्सा काट लिया। जब यह मामला कोर्ट पहुंचा तो उसे कठोर सजा मिली। नोह को 6 महीने की जेल की सजा सुनाई गई। कोरिया हेराल्ड को 2020 में दिए इंटरव्यू में चोई ने बताया था, 'अभियोजक की ओर से उस पर हमलावर से शादी करने का दबाव डाला जा रहा था। मगर, मैंने कहा कि मेरी कोई गलती नहीं है। मैं इसके लिए कभी तैयार नहीं हुई।' कुछ सालों बाद चोई ने आगे की शिक्षा हासिल की और अपने साथ हुए अन्याय को लेकर अधिक जागरूक हुईं। उन्होंने यौन हिंसा से बचे लोगों की मदद करने वाले एक महिला संगठन से मदद ली और केस लड़ने का फैसला किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।