शांतिवार्ता के बीच रूसियों ने यूक्रेन में ऐसी क्या खलबली मचाई, UN दरबार पहुंच गए जेलेंस्की
- यूक्रेन युद्ध की समाप्ति को लेकर हो रही शांतिवार्ता के बीच रूसी सैनिकों का यूक्रेन में कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रूसियों ने पांच युद्धबंदियों को मौत के घाट उतार दिया।

रूस और यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका ने कसरत शुरू कर दी है। एक दौर की वार्ता यूक्रेन से हो चुकी है। अब अमेरिका और रूस के बीच वार्ता होनी है। मीडिया के हवाले से रूस इशारे ही इशारे में अपने इरादे बता चुका है। रूस को किसी भी शर्त में यूक्रेन का नाटो से मिलन स्वीकार्य नहीं है। शांति वार्ता के बीच यूक्रेन सुलग रहा है। कीव ने गुरुवार को पुतिन की सेना पर गंभीर आरोप लगाया है कि उन्होंने हमारे सैनिकों को तड़पा-तड़पाकर मार डाला। यूक्रेन ने संयुक्त राष्ट्र से युद्धबंदियों की हत्या का मुद्दा उठाया है।
यूक्रेन ने पांच और यूक्रेनी सैनिकों को मारने का आरोप लगाया है। यह क्रेमलिन की सेना के खिलाफ ताजा युद्ध अपराध का आरोप है। यूक्रेनी अधिकारियों का दावा है कि फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से रूसी सैनिकों ने दर्जनों यूक्रेनी युद्धबंदियों की हत्या की है।
यूक्रेनी मानवाधिकार आयुक्त दिमित्रो लुबिनेट्स ने सोशल मीडिया पर कहा कि रूसी सेना लगातार यूक्रेनी कैदियों की हत्या कर रही है। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कथित हत्याएं कहां हुईं।
उन्होंने टेलीग्राम पर लिखा, “रूसी सैनिकों द्वारा पकड़े गए निहत्थे यूक्रेनी सैनिकों की कथित फांसी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।”
उन्होंने कहा, "वीडियो में कम से कम पांच युद्धबंदियों के शव दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से कुछ के सिर पर गोली के निशान हैं। यह अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों का क्रूर उल्लंघन है।" अपुष्ट तस्वीरों में पांच सैन्य वर्दीधारी कीचड़ भरी जमीन पर मृत अवस्था में पड़े दिख रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र से गुहार
लुबिनेट्स ने बताया कि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और रेड क्रॉस को इस मामले की जांच के लिए सूचित किया है और यूक्रेनी सैनिकों की हत्या के सबूतों की जांच की मांग की है। पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र ने यूक्रेनी युद्धबंदियों के मारे जाने की "चिंताजनक वृद्धि" पर चिंता जताई थी और कहा था कि हाल के महीनों में दर्जनों ऐसी घटनाएं दर्ज की गई हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।