रूस-यूक्रेन जंग में बड़ा मोड़, अमेरिका ने पेश किया 30 दिन का युद्धविराम प्रस्ताव; पुतिन मानेंगे बात?
- ट्रंप ने बताया कि अमेरिकी राजनयिक प्रतिनिधि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस संधि का प्रस्ताव पेश करेंगे। क्रेमलिन ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि वह वॉशिंगटन के प्रस्ताव पर और जानकारी का इंतजार कर रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि वॉशिंगटन के नेतृत्व में एक दल मॉस्को रवाना हो चुका है, जहां रूस को 30 दिन के युद्धविराम का प्रस्ताव दिया जाएगा। ट्रंप ने बताया कि अमेरिकी राजनयिक प्रतिनिधि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस संधि का प्रस्ताव पेश करेंगे। क्रेमलिन ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि वह वॉशिंगटन के प्रस्ताव पर और जानकारी का इंतजार कर रहा है। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि पुतिन इस प्रस्ताव को स्वीकार करेंगे, क्योंकि यूक्रेन ने पहले ही इससे सहमति जता दी है। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि वह युद्धविराम को स्वीकार करेंगे।"
हजारों लोग युद्ध में गंवा चुके हैं जान
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी इस समझौते पर सहमति जताते हुए चेतावनी दी थी कि अगर रूस प्रस्ताव को ठुकराता है तो अमेरिका कड़ा रुख अपनाएगा और मॉस्को पर दबाव डालेगा। रूस के फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद इस युद्ध में अब तक हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में अमेरिका और यूक्रेन का यह संयुक्त प्रस्ताव शांति की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले ट्रंप ने जेलेंस्की को व्हाइट हाउस से बाहर कर दिया था और यूक्रेन को दी जा रही सैन्य सहायता और खुफिया सूचनाओं को रोक दिया था। हालांकि, मंगलवार को सऊदी अरब में हुई वार्ता के दौरान यूक्रेन द्वारा युद्धविराम प्रस्ताव स्वीकार करने के बाद अमेरिका ने अपना समर्थन फिर से बहाल कर दिया।
पुतिन क्या मानेंगे बात?
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने साफ किया कि अमेरिका चाहता है कि रूस इस प्रस्ताव को बिना शर्त स्वीकार करे। उन्होंने कहा, "अगर रूस हामी भरता है तो शांति का रास्ता साफ हो सकता है, लेकिन अगर वे मना करते हैं, तो उनके इरादे जगजाहिर हो जाएंगे।" अब देखना है कि क्या पुतिन इस बात को मानते हैं या नहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।