आंसुओं में डूबे थे यूक्रेनी, रूस ने लगातार दूसरे दिन गिराई मिसाइल; साल का सबसे बड़ा हमला
- एक तरफ रूस की सरकार युद्धविराम पर जानबूझकर देरी कर रही है, दूसरी तरफ उसकी सेना यूक्रेन पर हवाई हमले जारी रखे हुए है। यूक्रेन के बड़े शहर सूमी पर रूस ने लगातार दूसरे दिन हवाई हमला किया।
युद्धविराम की सुस्त रफ्तार के बीच रूस की सेना का यूक्रेन पर बेरहम हमला जारी है। रूस ने लगातार दूसरे दिन यूक्रेन के बड़े शहर सूमी को निशाना बनाया। यह घटना तब हुई जब एक दिन पहले हमले में मारे गए लोगों को स्थानीय निवासियों द्वारा श्रद्धांजलि दी जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह यूक्रेन पर साल का सबसे बड़ा हमला है। शहरवासी तबाही से उबरने की कोशिश कर रहा है। पिछले हमले में कम से कम 30 लोगों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।
लगातार दूसरे दिन हमले से दहला सूमी
रविवार पाम संडे के मौके पर जब यूक्रेनी चर्च पर इकट्ठा हुए थे, दो रूसी मिसाइलों ने सूमी को निशाना बनाया। इस भीषण हमले में 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हुए थे। यह इस साल का सूमी पर सबसे घातक हमला बताया जा रहा है।
सोमवार को जब लोग हमले के शिकार हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्र हुए, रूसी सेना ने एक और मिसाइल हमला कर दिया। फिलहाल इस हमले में हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागते देखा गया।
यूक्रेन क्या बोला
सूमी प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी हैं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। यूक्रेनी सरकार ने इसे "जानबूझकर किया गया क्रूर और अमानवीय हमला" करार दिया है। जेलेंस्की ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए रूस पर हैवानियत करने का आरोप लगाया है।
इस ताज़ा हमले पर अब तक रूस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने रूस पर नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।