Hindi Newsहरियाणा न्यूज़anil vij says toofan se khelta hun unke khatme ka paigam praise cm nayab singh saini

तूफानों से खेलता हूं, उनके खात्मे का पैगाम... अब किस पर बरस पड़े अनिल विज

  • अम्बाला सदर चुनाव के लिए आयोजित भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन कार्यक्रम में अनिल विज एक बार फिर विरोधियों पर जमकर बरसे। उन्होंने मंच से कहा, तूफानों से खेलता हूं, मैं खुद तूफान हूं, उनके खात्मे का पैगाम हूं।

Gaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़Mon, 17 Feb 2025 07:55 PM
share Share
Follow Us on
तूफानों से खेलता हूं, उनके खात्मे का पैगाम... अब किस पर बरस पड़े अनिल विज

अंबाला कैंट से सात बार विधायक और नायब सैनी सरकार में ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज पर भाजपा हाई कमान के ऐक्शन की तलवार लटक रही है। वह सार्वजनिक रूप से सीएम नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन सिंह बड़ौली के खिलाफ बयानबाजी को लेकर निशाने पर हैं। सोमवार को नगर परिषद अम्बाला सदर चुनाव के लिए आयोजित भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन कार्यक्रम में वो एक बार फिर विरोधियों पर जमकर बरसे।

कार्यक्रम को संबो​धित करते हुए अनिल विज ने वही तेवर दिखाए। कहा-तूफानों से खेलता हूं मैं, मैं खुद भी एक तूफान हूं, हमसे टकराने वालों के लिए, उनके खात्मे का पैगाम हूं। अपने संबोधन में उन्होंने सीएम नायब सिंह सैनी और पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की।

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने विरोधियों को मंच से जवाब देते हुए कहा कि चुनाव में कुछ मु​श्किलें आती हैं और प्रत्याशियों को उस ओर ध्यान नहीं देना है। दिशा भ्रम करने के लिए अगर कोई खेल खेलता है तो आपने पार्टी का निष्ठावान कार्यकर्ता होकर काम करना है और आपको किसी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा प्रत्याशियों ने केवल अपना चुनाव लड़ने की तरफ ध्यान देना है। कुछ शरारती तत्वों ने विधानसभा चुनाव में भी हमें भटकाने की कोशिश की थी, मगर प्रत्याशियों को उनके बहकावे में नहीं आते हुए अपने लक्ष्य को अर्जुन की तरह मछली की आंख पर निगाह रखते हुए चुनाव जीतने पर ध्यान देना है।

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की तारीफ

विज ने कहा कि विकास का जो रथ अम्बाला छावनी में मैंने चलाया है, उसे और तेजी से चलाने के लिए आज उस रथ के साथ 32 घोड़े जुड़ रहे हैं। सभी मिलकर सभी अम्बाला छावनी को सुंदर और हरियाणा का सबसे बेहतरीन शहर बनाएंगे। वहीं, इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यों की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश को पूरी तेजी से आगे ले जा रहे हैं और 2047 तक वह भारत को विकसित भारत बनाना चाहते हैं। एक सर्वे आया है कि चुनाव के बाद मोदी जी की लोकप्रियता 28 प्रतिशत बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें:अनिल विज पर ऐक्शन के मूड में भाजपा हाईकमान, बस इस तारीख के बीतने का इंतजार?
ये भी पढ़ें:फिर हमारी जरूरत ही क्या है; आर-पार के मूड में आए अनिल विज, 'अन्याय' पर भड़के

प्रदेश में नायब सैनी जी की सरकार है और एक दिन भी खाली नहीं जाता जिस दिन वो प्रदेश के लोगों, प्रदेश के विकास के लिए नई-नई घोषणाएं न कर रहे हो। हरियाणा में डबल इंजन सरकार है, मगर लोगों में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ नगर परिषद से होते हुए जाए इसके लिए जिस पार्टी की केंद्र व प्रदेश में सरकार है उसी पार्टी की नगर परिषद में भी होना आवश्यक है।

विज की नाराजगी के बाद बदली थी लिस्ट

अंबाला छावनी निकाय चुनाव में बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर बिजली मंत्री अनिल विज नाराज हो गए थे क्योंकि उनके समर्थकों की टिकट काट दी गई थी। इसके बाद भाजपा ने संशोधित लिस्ट जारी की थी। विज के वफादारों को टिकट दिया है। इसमें संजीव सोनी को दोबारा निगम चुनाव के लिए संयोजक नियुक्त गया है। अंबाला कैंट नगर परिषद से श्रवण कौर को चेयरमैन का टिकट दिया गया है। 11 पार्षद उम्मीदवारों के नाम बदले गए हैं। दो उम्मीदवारों के वार्ड बदले गए हैं।

निकाय चुनाव के बाद विज पर ऐक्शन?

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के ​खिलाफ बयानबाजी करने पर अनिल विज के ​खिलाफ पार्टी ने बताओ नोटिस जारी किया था। विज ने आठ पेजों में अपना जवाब हाईकमान को भेज दिया है। अभी तक हाईकामन ने विज पर कोई फैसला नहीं लिया है। 2 मार्च को हरियाणा में निकाय चुनाव हैं। ऐसे में अभी हाईकमान विज के ​खिलाफ कोई एक्शन नहीं ले रहा क्योंकि विज का अंबाली कैंट क्षेत्र में तगड़ा प्रभाव है। 2 मार्च के बाद हाईकमान अनिल विज पर कोई सख्त फैसला ले सकता है।

रिपोर्ट: मोनी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें