Budget 2025 Live updates: आज मोदी सरकार का पहला पूर्णकालिक बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार आठवीं बार सदन में बजट पेश करेंगी। इससे पहले वह छह पूर्णकालिक और दो अंतरिम बजट पेश कर चुकी हैं। सुबह 11 बजे वित्त मंत्री लोकसभा में बजट पेश करेंगी। इसके बाद उनका बजट भाषण होगा। वह वित्त राज्य मंत्री के साथ 10 बजे ही संसद भवन पहुंच जाएंगी। जानकारों का कहना है कि सरकार कि पूरा जोर इन्फ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक कल्याण और ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को सुधारने पर रहने वाला है।
सरकार रोजगार के मोर्चे पर भी कोई ऐलान कर सकती हैं। वहीं सैलरीड क्लास को उम्मीद है कि बजट में इनकम टैक्स में छूट में बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बजट में किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने का भी ऐलान किया जा सकता है। इससे पहले 23 जुलाई को मोदी सरकार का बजट पेश किया गया था। आज बजट पेश होने की वजह से शनिवार को भी शेयर बाजार खुला रहेगा। आम बजट से संबंधित अपडेट्स के लिए आप हमारे साथ जुड़े रहिए।
1 Feb 2025, 08:11:46 AM IST
Budget 2025 Live: रेल बजट में भी हो सकती है बढ़ोतरी
17- Budget 2025 Live: रेल बजट में भी हो सकती है बढ़ोतरी
Budget 2025 Live: अनुमान है कि इस बार रेल बजट को भी बढ़ाया जा सकता है। रेलवे को अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है। बता दें कि 1924 में देश का पहले रेल बजट पेश किया गया था। 1924 से पहले भी आम बजट के साथ ही रेल बजट पेश किया जाता था। 2017 में एक बार फिर से रेल बजट और आम बजट का विलय कर दिया गया। नीति आयोग के सुझाव के बाद ऐसा किया गया था। 2016 में आखिरी बार पीयूष गोयल ने आखिरी रेल बजट पेश किया था।
1 Feb 2025, 08:04:32 AM IST
Budget 2025 Live: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा था, तीसरे कार्यकाल में तीन गुना तेज काम
Budget 2025 Live: आम बजट से पहले सदन में अभिभाषण के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे कानूनों पर तेज गति से कदम आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रपति ने अपने लगभग एक घंटे के अभिभाषण में कहा, ‘सरकार ने अर्थव्यवस्था को ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ जैसी परिस्थितियों से उबारने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति के साथ काम किया है। कोविड और उसके बाद के हालात एवं युद्ध जैसी वैश्विक चिंताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने जो स्थायित्व दिखाया है, वह उसके सशक्त होने का प्रमाण है।’
1 Feb 2025, 07:54:35 AM IST
Budget 2025 Live: बजट से पहले एलपीजी सिलेंडर सस्ता
Budget 2025 Live: बजट से पहले 1 फरवरी को एलपीजी सिलेंडर सस्ता हो गया है। 19 किलो वाले कमर्शल एलपीजी सिलेंडर पर सात रुपये की कमी की गई है। हालांकि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में आज कमर्शल सिलेंडर 1797 रुपये का हो गया है। विस्तार से पढ़ें
1 Feb 2025, 07:49:42 AM IST
Budget 2025 Live: आम बजट से पहले राष्ट्रपति के अभिभाषण पर भी बयानबाजी
Budget 2025 Live: कांग्रेस ने शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण को पूरी तरह से राजनीतिक भाषण बताया और दावा किया कि इसमें इस बात की कोई स्वीकार्यता नहीं थी कि देश के आम लोग रोजाना किन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के इस तीसरे कार्यकाल में तीन गुना अधिक गति से काम हो रहा है तथा अर्थव्यवस्था को ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ (नीतिगत पंगुता) जैसी परिस्थितियों से उबारने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई गई है। बजट सत्र की शुरुआत में संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने यह भी कहा कि ‘एक देश, एक चुनाव’ और वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे कानूनों पर तेज गति से कदम आगे बढ़ाया गया है।
1 Feb 2025, 07:37:52 AM IST
Budget 2025 Live: दूर होगी अर्थव्यवस्था की नरमी, आम बजट में होगी क्या कोशिश
Budget 2025 Live: विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार की पूरी कोशिश वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की है और वित्त मंत्री का पूरा जोर इस वर्ष भी पिछले वर्ष की तरह ही इन्फ्रास्ट्रक्चर व्यय, सामाजिक कल्याण, ग्रामीण भारत के साथ ही अर्थ व्यवस्था में हाल में आई नरमी को गति देने के उपायों पर हो सकती है। इसमें आम लोगों विशेषकर नौकरीपेशा लोगों को भी राहत मिल सकती है ताकि उनकी व्यय योग्य आय में वृद्धि हो सके और उनके व्यय से अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद मिल सके।
1 Feb 2025, 07:28:58 AM IST
Budget 2025 Live: कई पूर्व प्रधानमंत्रियों ने भी पेश किया था बजट
Budget 2025 Live: मोरारजी देसाई ऐसे पूर्व प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने कुल 10 बार केंद्रीय बजट पेश किया। इसके अलावा पंडित जवाहरलाल नेहरू ऐसे पहले प्रधानमंत्री थे जिन्होंने बजट पेस किया था। उनके अलावा पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने 1970-71 का बजट पेश किया था। वहीं चौधरी चरण सिंह भी पहले वित्त मंत्री थे और बाद में प्रधानमंत्री बने थे। वीपी सिंह भी वित्त मंत्री थे और बाद में प्रधानमंत्री बने। पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में डॉ. मनमोहन सिंह वित्त मंत्री थे। वह 10 साल देश के प्रधानमंत्री रहे।
1 Feb 2025, 07:21:15 AM IST
Budget 2025 Live: बजट कितनी तरह का होता है और क्या है संतुलित बजट
Budget 2025 Live: आम तौर पर बजट को संतुलित, असंतुलित, सरप्लस और डेफिसिट बजट की श्रेणियों में बांटा जा सकता है। अगर किसी वित्त वर्ष में आमदनी और खर्च के आंकड़े बराबर ही हों तो इसे संतुलित बजट कहा जा सकता है। वहीं जब इसमें अंतर होता है तो यह असंतुलित बजट हो जाता है। दरअसल बजट सरकार के खर्च और कमाई का लेखा जोखा होता है।
1 Feb 2025, 07:10:21 AM IST
Budget 2025 Live: क्यों अहम होता है आम बजट?
Budget 2025 Live: आम बजट से लोगों को उम्मीद रहती है कि कुछ चीजें सस्ती हो सकती हैं। वहीं सैलरीड क्लास को इनकम टैक्स में छूट का इंतजार रहता है। वहीं बजट अर्थव्यवस्था पर बहुत असर डालता है। टैक्स, ड्यूटी और सब्सिडी में बदलाव से वस्तुओं और सेवाओं की लागत और कीमत में बदलाव हो जाता है। इसका असर रियल एस्टेट, शेयर और बॉन्ड निवेश पर भी पड़ता है। इसका असर ब्याज दरों के बदलाव , बुनियादा ढांटे और समाज कल्याण की योजनाओं पर भी पड़ता है। आम जनता के लिए बजट महंगाई, उपभोग, बचत और निवेश की लिहाज से अहम होता है।
1 Feb 2025, 06:52:05 AM IST
Budget 2025 Live: यूनियन बजट में आयुष्मान योजना पर भी किया गया था ऐलान
Budget 2025 Live: पिछले आम बजट में कहा गया था कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों को भी आयुष्मान योजना के तहत कवर दिया जाएगा। रेलवे के लिए ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने कहा था कि तीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इसके अलावा देश में 30 हजार वंदे भारत कोच का निर्माण होगा। इस बजट में रूफटॉप सोलर स्कीम का भी ऐलान किया गया था। कांग्रेस का कहना था कि यह बजट आम लोगों को निराश करने वाला था। कांग्रेस ने कहा था कि इस बजट को बयानबाजी से ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता।
1 Feb 2025, 06:29:55 AM IST
Budget 2025 Live: पिछले आम बजट में निर्मला सीतारमण के बड़े ऐलान
Budget 2025 Live: केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने के बाद जुलाई के महीने में मोदी सरकार 3.0 का आम बजट पेश किया गया था। इस बजट में लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स पर लगने वाले टैक्स को 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी कर दिया गया था। इसके अलावा बेरोजगारी से निपटने के लिए सरकार ने दो हजार करोड़ रुपये की घोषणा की थी। स्टार्टअप्स, मिडल क्लास और विदेशी कंपनियों को टैक्स में राहत दी गई थी। पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ नए घर का लक्ष्य रखा गया था। मुद्रा लोन की सीमा बढ़ाकर 10 लाख से 20 लाख कर दी गई थी।
1 Feb 2025, 06:15:41 AM IST
Budget 2025 Live: इकनॉमिक सर्वे में रोजगार और AI को लेकर क्या कहा गया
Budget 2025 Live: इकनॉमिक सर्वे में रोजगार के मामले में भारत की अच्छी स्थिति को रेखांकित किया गया है। इसमें कहा गया है कि कोरोना महामारी के बाद हुए सुधार और सामान्य स्थिति होने से हाल के वर्षों में भारत में श्रम बाजार में वृद्धि हुई है। वर्ष 2017-18 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए बेरोजगारी दर छह प्रतिशत थी जो 2023-24 में घटकर 3.2 प्रतिशत रह गई। सर्वे में यह भी बताया गया है कि भारत के श्रम बाजार में एआई को अपनाने से उत्पादकता बढ़ाने, कार्यबल की गुणवत्ता को बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजन होने में मदद मिलती है, बशर्ते कि मजबूत संस्थागत नेटवर्क के माध्यम से प्रणालीगत चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान किया जाए।
1 Feb 2025, 06:02:45 AM IST
Budget 2025 Live: यूनियन बजट से पहले क्या बोले फिक्की अध्यक्ष
Budget 2025 Live: फिक्की अध्यक्ष ने कहा कि सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि के संदर्भ में कहा कि फिक्की का आकलन सरकार के आकलन से थोड़ा अधिक है लेकिन केंद्रीय बजट 2025 से उपभोग और निवेश मांग दोनों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कर ढांचे को युक्तिसंगत बनाने की जरूरत पर जोर दिया ताकि उपभोक्ताओं के पास अधिक खर्च योग्य आय हो। उन्होंने आर्थिक सर्वेक्षण के इस सुझाव से भी सहमति जताई कि खाद्य मुद्रास्फीति से निपटने के लिए जलवायु-लचीली फसल किस्मों और मजबूत डेटा संग्रह प्रणाली को लागू किया जाना चाहिए। संगठन ने खाद्य मुद्रास्फीति प्रतिक्रिया और रणनीति टीम (एफआईआरएसटी) तंत्र बनाने का भी समर्थन किया, जिससे बेहतर पूर्वानुमान और नियोजन में मदद मिलेगी।
1 Feb 2025, 05:40:40 AM IST
Budget 2025 Live: शनिवार को खुला रहेगा शेयर मार्केट?
Budget 2025 Live: इस बार आम बजट शनिवार को पेश किया जा रहा है। ऐसे में शनिवार (1 फरवरी 2025) को भी शेयर बाजार खुला रहेगा और ट्रेडिंग होगी। जानकारी के मुताबिक मार्केट नियमित तरीके से ही संचालित होंगे। बता दें कि इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई कुल 10 बार बजट पेश कर चुके हैं। ऐसे में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण उनके रिकॉर्ड के करीब हैं।
1 Feb 2025, 05:23:12 AM IST
Budget 2025 Live: यूनियन बजट 2025 में पीएम किसान योजना को लेकर होगा कोई ऐलान?
Budget 2025 Live: किसानों को इंतजार है कि इस बजट में किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाई जा सकती है। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की राशि मिल रही है। इसे बढ़ाकर 12 हजार किया जा सकता है। इसके अलावा बजट में एक्साइज ड्यूटी को कम करने का भी फैसला किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी देखी जाएगी।
1 Feb 2025, 05:15:14 AM IST
Budget 2025 Live: मोदी सरकार के बजट से जनता को उम्मीदें
Budget 2025 Live: टैक्सपेयर्स से लेकर किसानों, महिलाओं और मिडल क्लास को बजट 2025 से बड़ी उम्मीदें हैं। इस बजट में इनकम टैक्स छूट से लेकर किसान सम्मान निधि की राशि तक बढ़ने का लोग इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बजट में 10 लाख तक की आय को टैक्स फ्री कर दिया जा सकता है। इसके अलावा 10 से 20 लाख की इनकम वाले ग्रुप को 25 फीसदी इनकम टैक्स के स्लैब में रखा जा सकता है।
1 Feb 2025, 05:11:13 AM IST
Budget 2025 Live: कितने बजे संसद में पेश होगा आम बजट
Budget 2025 Live: आज सुबह 11 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में बजट पेश करेंगी। इसके बाद वित्त मंत्री का बजट भाषण होगा। सुबह साढ़े 8 बजे वित्त मंत्री अपने आवास से नॉर्थ ब्लॉक के लिए रवाना होंगी। इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से बजट का अनुमोदन करवाएंगी और 9 बजे नॉर्थ ब्लॉक के गेट नंबर 2 पर फोटोशूट होगा। इसके बाद 10 बजे निर्मला सीतारमण वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ सदन पहुंचेंगी। 10 बजकर 15 मिनट से 10 बजक र40 मिनट तक कैबिनेट की बैठक होगी जिसमें बजट को मंजूरी दी जाएगी। लोकसभा में बजट पेश होने के एक घंटे बाद राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी। दोपहर में तीन बजे नेशनल मीडिया सेंटर में वित्त मंत्री एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगी।
1 Feb 2025, 05:06:38 AM IST
Budget 2025 Live: बजट से पहले इकनॉमिक सर्वे में खास
Budget 2025 Live: बजट से पहले सदन में इकनॉमिक सर्वे की रिपोर्ट पेश की गई। इसके मुताबिक 2025-26 में जीडीपी ग्रोथ 6.3 से 6.8 फीसदी के बीच रह सकती है। यह अनुमान सरकार के पहले के अनुमानों से कम है। सर्वे में केंद्र सरकार ने रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर फोकस करने की बात कही है। बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण दो बार अंतरिम बजट भी पेश कर चुकी हैं।
1 Feb 2025, 05:02:04 AM IST
Budget 2025 Live: लगातार 8वीं बार यूनियन बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
Budget 2025 Live: संसद का बजट सत्र शुक्रवार से ही शुरू हो गया है। वहीं आज मोदी सरकार लोकसभा में आम बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार आठवीं बार आम बजट पेश करने जा रही हैं। मोदी सरकार 3.0 का यह पहला आम बजट है। वहीं यह बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के लिए भी रिकॉर्ड होगा।