Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Monsoon high active in Bihar Heavy rain alert in 8 districts heavy rain in many cities including Patna

बिहार में मॉनसून हाई एक्टिव; 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पटना समेत कई शहरों में जमकर बरसे बादल

बिहार में मॉनसून पूरी तरह आ गया है और अब लगभग सभी जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा अररिया और किशनगंज में बारिश हुई।

Sandeep हिन्दुस्तान, पटनाSun, 30 June 2024 04:05 PM
share Share

बिहार में मानसून सक्रिय हो गया है। सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बारिश के आसार हैं। इस दौरान गरज व चमक के साथ तेज रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने के आसार हैं। 

वहीं रविवार को सुपौल को छोड़कर पटना सहित सभी 37 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। राज्य में जून में सामान्य से 52 प्रतिशत कम बारिश हुई। प्रदेश में 133.3 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए, लेकिन 78.9 मिलीमीटर ही बारिश हुई। सिर्फ अररिया और किशनगंज जिले में ही सामान्य से अधिक बारिश हुई है। 

मौसम विभाग अनुसार रविवार को अरवल में 65.8, लखीसराय में 65.4, गया में 59.9, नवादा में 58.8, औरंगाबाद में 52.9, किशनगंज में 49.2, शिवहर में 43.8, पश्चिम चंपारण में 34.5, सीतामढ़ी में 23.2, कैमूर में 22.4, पटना में 20.5 मिलीमीटर बारिश हुई। 

इसके अलावा अन्य जिलों में 20 मिलीमीटर से कम बारिश हुई। जबकि लखीसराय के चानन में 244, अरवल के कलेर में 162, गया के टिकारी में 141, जहानाबाद में 124, जमुई के लक्ष्मीपुर में 121, जमुई में 120, गया के बेलागंज में 113 और नवादा प्रखंड में 107 मिलीमीटर बारिश हुई।

रविवार को पटना सहित प्रदेश के 29 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई। वहीं 6 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का सबसे गर्म शहर 39 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी और रोहतास रहा। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक तौर पर राहत मिली। लेकिन वातावरण में नमी रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास हुआ।

राजधानी सहित पटना जिले में रविवार की सुबह झमाझम बारिश हुई। इस दौरान राजधानी में 7.8 और सबसे अधिक दानापुर में 89.6 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं दोपहर बाद धूप खिल गई। पटना के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। 

राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार मनेर में  48.6, बांकीपुर में 37.2, बिहटा में 26.6, नौबतपुर में 25.5, संपतचक में 24.8, पालीगंज में 22.8, दुल्हिन बाजार में 20.8, फुलवारी व मसौढ़ी में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा जिलों के अन्य प्रखंडों में 20 मिलीमीटर से कम बारिश हुई।

पटना में जून माह के दौरान सामान्य से 76 प्रतिशत कम बारिश हुई। इस दौरान जितनी बारिश 29 दिनों में हुई, उससे दुगनी बारिश एक दिन में 30 जून को हुई। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून तक पटना में 10.2 मिमी बारिश हुई। लेकिन 30 जून को यह आंकड़ा 30.6 मिमी तक पहुंच गया। जून में 130.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए। लेकिन 30.6 मिलीमीटर ही बारिश हुई।

जून में इन जिलों में हुई कम बारिश 

जिला     समान्य           बारिश हुई     कम प्रतिशत में 
पटना      130.2            30.5               76
गया        135.4            73.2               46
भागलपुर  179.5           27.9               84
पूर्णिया      279.2          136.5             51
मुजफ्फरपुर    157       55.8               64

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें