Hindi Newsबिहार न्यूज़Lok Sabha Elections 2024 NDA Grand Alliance seat sharing formula not fixed by parties in alliance

लोकसभा चुनाव 2024: एनडीए में जाने वाली पार्टियों ने नहीं खोले पत्ते, महागठबंधन में भी सीट शेयरिंग फार्मूला तय नहीं

उपेंद्र कुशवाहा, मुकेश सहनी और चिराग पासवान की पार्टी का एनडीए में शामिल होना तय माना जा रहा है। पर, इन पार्टियों के नेता खुलकर इसका एलान करने से अभी परहेज कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव 2024: एनडीए में जाने वाली पार्टियों ने नहीं खोले पत्ते, महागठबंधन में भी सीट शेयरिंग फार्मूला तय नहीं
Jayesh Jetawat हिन्दुस्तान, पटनाFri, 7 July 2023 12:53 AM
हमें फॉलो करें

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में अब एक साल से भी कम समय शेष हैं, लेकिन सियासी गठबंधनों में अभी तक सीटों के बंटवारे का फार्मूला तय नहीं हो पाया है। बिहार में कई छोटे दल वर्ष 2015 की तर्ज पर एनडीए में शामिल होने का मन बना चुके हैं। लेकिन, सीटों का स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलने के कारण वे अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं। इनमें सिर्फ हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन यह स्वीकार करते हैं कि वह एनडीए में हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता है कि कितनी सीटों पर उनकी पार्टी लड़ेगी। महागठबंधन में छह दल हैं, लेकिन वहां भी सीटों के बंटवारे का फार्मूला अभी तय नहीं हो पाया है।

उपेंद्र कुशवाहा, मुकेश सहनी और चिराग पासवान की पार्टी का एनडीए में शामिल होना तय माना जा रहा है। पर, इन पार्टियों के नेता खुलकर इसका एलान करने से अभी परहेज कर रहे हैं। कुशवाहा महागठबंधन से अलग होकर अपनी नई पार्टी बना चुके हैं। चिराग पासवान दो दलों में बंट चुकी लोजपा के एक हिस्से के सर्वेसर्वा हैं। इन दोनों के तेवर महागठबंधन के खिलाफ हैं। लेकिन बातचीत में दोनों कहते हैं कि अभी तय नहीं किया है कि किसके साथ जाएंगे।

उपेंद्र कुशवाहा ने गुरुवार को कहा अभी हमने यह निर्णय नहीं लिया है कि लोकसभा का चुनाव किसके साथ लड़ेंगे। अभी वह राज्यभर में अपनी पार्टी (राष्ट्रीय लोक जनता दल) की सांगठनिक मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने कहा कि हमारी पार्टी एनडीए में शामिल हो चुकी है। पर, लोकसभा में हम कितनी सीटों पर लड़ेंगे, यह तय नहीं हुआ है। अगले कुछ दिनों में इस पर बात होगी। 

चिराग पासवान की पार्टी का 6 सीटों पर दावा
चिराग गुट की लोजपा (लोजपा रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि लोकसभा की छह और राज्यसभा की एक सीट पर हमारी दावेदारी है। पर, एनडीए में सीटों को लेकर अभी बातचीत नहीं हुई है। वहीं, रालोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस एलान कर चुके हैं कि वह हाजीपुर से चुनाव लड़ेंगे। उनके साथ पार्टी के चार सासंद भी है। इधर चिराग पासवान हाजीपुर और समस्तीपुर लोकसभा सीटों पर दावा कर रहे हैं, जबकि इन दोनों सीटों पर उनके चाचा पशुपति कुमार पारस की पार्टी के सांसद हैं।

वीआईपी 25 जुलाई को लेगी अंतिम फैसला
मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि एनडीए में हमारी पार्टी जाएगी या नहीं यह तय होना बाकी है। 25 जुलाई को पूर्व सांसद फूलन देवी की शहादत दिवस के बाद इस पर वीआईपी अंतिम निर्णय लेगी। इधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा है कि एनडीए में सीट बंटवारे का इतिहास देखें तो पता चलेगा कि इसको लेकर कभी विवाद नहीं हुआ है। पार्टी आलाकमान घटक दलों के साथ बैठकर पूर्व की भांति इस बार भी सीटों का बंटवारा आसानी से कर लेगा।

लेटेस्ट   Hindi News,   बॉलीवुड न्यूज,  बिजनेस न्यूज,  टेक ,  ऑटो,  करियर ,और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें