Hindi Newsबिहार न्यूज़Heavy rain in Nepal threatens North Bihar all 36 gates of Valmiki Nagar barrage opened

नेपाल में भारी बारिश से उत्तर बिहार पर खतरा, वाल्मीकि नगर बैराज के सभी 36 फाटक खोले गए

नेपाल में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बाद सूबे की नदियों में उफान है। खासकर गंडक खतरनाक ढंग से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में ही नदी का पानी छह गुना बढ़ गया।

Malay Ojha हिन्दुस्तान, पटनाThu, 6 Oct 2022 12:54 PM
share Share

नेपाल में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बाद सूबे की नदियों में उफान है। खासकर गंडक खतरनाक ढंग से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में ही नदी का पानी छह गुना बढ़ गया। गुरुवार की शाम वाल्मीकिनगर बराज पर गंडक में 3 लाख क्यूसेक पानी का प्रवाह हो रहा था। इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यहां नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है। गोपालगंज समेत कई इलाकों में भी नदी देर रात खतरे के निशान के पार हो गयी। बराज पर पानी का दबाव अत्यधिक बढ़ जाने के बाद इसके सारे 36 फाटक खोल दिये गये हैं। 

जल संसाधन विभाग ने संपूर्ण उत्तर बिहार में अलर्ट जारी कर दिया है। खतरनाक ढंग से बढ़ रही नदियों की चौकसी भी बढ़ा दी गयी है। तटबंधों की रात्रि पेट्रोलिंग का निर्देश दिया गया है। कटाव निरोधक सामग्री का भंडारण करने के साथ-साथ संवेदनशील स्थलों की मानटरिंग की जा रही है।

गंडक में उफान के बाद गोपालगंज समेत कई इलाकों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। उधर, बागमती, कमला और कुछ और स्थानों पर कोसी के भी लाल निशान के पार होने का अनुमान है। कोसी, गंडक, कमला और बागमती के अलावा अधवारा, महानंदा, बूढ़ी गंडक, घाघरा नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। कोसी के वीरपुर बराज पर 1.25 लाख क्यूसेक पानी था। यहां नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है।

नेपाल में गंडक के जलग्रहण क्षेत्र में जबरदस्त बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र पोखरा में 152 मिलीमीटर जबकि भैरवा में 135 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके कारण गंडक में अप्रत्याशित रूप से पानी बढ़ गया। बुधवार को गंडक में महज 48 हजार क्यूसेक पानी था। महज 24 घंटे में यह बढ़कर तीन लाख क्यूसेक के स्तर को पार कर गया। इसके अलावा बूढ़ी गंडक के जलग्रहण क्षेत्र सिमरा में 50 मिलीमीटर बारिश हुई। इन सबसे नेपाल से आने वाली नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें