Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Heavy rain in half of Bihar including Patna Heat subsides monsoon is gaining momentum in these districts too

पटना समेत आधे बिहार में झमाझम बारिश; गर्मी हुई छूमंतर, इन जिलों में भी मॉनसून पकड़ रहा रफ्तार

बिहार में मॉनसून का प्रसार 18 जिलों तक पहुंच गया है। और आने वाले 2-3 दिनों में पूरे बिहार में मॉनसून एक्टिव हो जाएगा। गुरूवार को पटना समेत 18 जिलों में झमाझम बारिश हुई।

Sandeep हिन्दुस्तान, पटनाThu, 27 June 2024 02:54 PM
share Share

मानसून ने गुरुवार को पटना और वैशाली में दस्तक दी। इसके साथ ही राज्य के 18 जिलों में मानसून पहुंच गया है। प्रदेश में मानसून के प्रसार की परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल बन रही हैं।  मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पटना और वैशाली में मानसून के प्रसार के साथ राज्य के 11 जिलों के 30 स्थानों पर झमाझम बारिश हुई।

शुक्रवार को पटना सहित 19 जिला में गरज व चमक के साथ हल्की बारिश का मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बिहार में 20 जून को मानसून किशनगंज और पूर्णिया के रास्ते प्रवेश करते हुए 14 जिलों में फैला था। इसके बाद मानसून कमजोर पड़ गया, लेकिन 24 जून को एक बार फिर सक्रिय होकर आगे बढ़ाने लगा। 

इन जिलों में हुआ है मानसून का प्रसार 
मौसम विभाग के अनुसार मानसून का प्रसार अब तक किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, अररिया, मधेपुरा,  सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सारण, पटना और वैशाली में हो गया है। 

इन जिलों में गुरुवार को हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पटना, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सुपौल, मुजफ्फरपुर, किशनगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, वैशाली जिलों की 30 जगहों पर 108.2 से 27.2 मिलीमीटर के बीच बारिश हुई।

इन जिलों में शुक्रवार को हल्की बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पश्चिमी चंपारण पूर्वी, चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, आरा, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर में गरज व चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ाने की परिस्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल बन रही है। उम्मीद है कि रविवार तक बिहार के शेष भाग में भी मानसून का प्रसार हो जाएगा। प्रदेश के बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, आरा, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, बेगूसराय, सहरसा, खगड़िया, समस्तीपुर, सीवान जिलों में अब तक मानसून का प्रसार नहीं हुआ है।

पटना में गुरुवार को मानसून के प्रवेश करते ही झमाझम बारिश हुई। सुबह से ही बादल मंडराने लगे थे, लेकिन दोपहर में पहले हल्की फिर झमाझम बारिश होने लगी। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी पटना में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मानसून की पहली बारिश का जहां लोग भींगकर आनंद उठाते दिखे, वहीं शहर के कई इलाकों में जलजमाव का भी सामना करना पड़ा। राजधानी में गुरुवार को 43 मिमी बारिश हुई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें