NDLS Stampede: भगदड़ पर लालू बोले- अश्विनी वैष्णव जिम्मेदारी लें, कुंभ पर विवादित बयान दिया
- पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने कहा कि रेलवे के मिस मैनेजमेंट से भगदड़ मची और इतने लोग मारे गए। उन्होंने कुंभ मेला को लेकर भी विवादित बयान दिया।
Lalu Yadav Version on NDLS Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर बिहार के पूर्व सीएम और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने गहरा दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने रेल केंद्र सरकार और रेल मंत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि रेलवे की लापरवाही से इतने लोगों की मौत हो गई। रेल मंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। लालू यादव ने घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी है। इसके साथ उन्होंने महाकुंभ पर विवादित बयान दिया है। इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख जाहिर करते हुए ट्वीट कर कहा है कि जिन्होंने इस दुखद घटना में अपने प्रिय जनों को खो दिया है उनके साथ पीएम की संवेदनाएं हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से भी दुख जताया गया है। लालू यादव के बयान पर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने सियासत नहीं करने की सलाह दी। शनिवार की रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में कुंभ मेला जा रहे 18 यात्रियों की मौत हो गई जिनमें 10 महिलाएं और चार बच्चे हैं। बिहार से 9 लोगों की मौत हुई है। घटना पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है। इधर रेलवे ने मृतकों के परिजनों के लिए दस दस लाख मुआवजे का ऐलान किया है। गंभीर रूप से घायलों को ढ़ाई लाख और अन्य घायलों को एक एक लाख की सहायता दी जाएगी।
मीडिया को दिए बयान में लालू यादव ने कहा कि बहुत दुखद घटना घटी है। इसमें रेलवे की गलती है।रेलवे के मिस मैनेजमेंट से इतने सारे लोगों की मौत हो गई। हम घटना में मरने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इसका काफी अफसोस है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्ण वैष्णव को इसकी जिम्मेदारी लेना चाहिए। यह रेलवे का फेल्योर है। लालू यादव मनमोहन सिंह की सरकार में रेल मंत्री थे और अपने एक्शन को लेकर काफी चर्चा में रहते थे। लालू यादव ने कुंभ मेला को लेकर भी विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला फालतू है। इसका क्या मतलब।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी दिल्ली की घटना पर दुख जताते हुए एनडीए की सरकार पर निशाना साधा। सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्था एवं भगदड़ के कारण हुई असामयिक मौतों से मन व्यथित है। इतने सरकारी संसाधनों के बावजूद भगदड़ में श्रद्धालुओं की जाने जा रही है तथा डबल इंजन सरकार इन दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की लीपापोती कर पीआर ठीक करने में व्यस्त है। आमजनों और श्रद्धालुओं के बजाय सरकार का ध्यान मीडिया प्रबंधन, वीआईपी लोगों की सुविधा और उनकी व्यवस्था तक सीमित है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मों को शांति प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
बिहार से सबसे ज्यादा 9 लोगों की मौत
शनिवार देर रात नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई उनमें सबसे ज्यादा बिहार के हैं। बिहार से मरने वालों की पहचान कर ली गयी है।
विजय साह (15) पुत्र राम सरूप साह निवासी समस्तीपुर
नीरज (12) पुत्र इंद्रजीत पासवान निवासी वैशाली
आहा देवी (79) पत्नी रविन्दी नाथ निवासी बक्सर
सुरुचि (11) पुत्री मनोज शाह निवासी मुजफ्फरपुर
कृष्णा देवी (40) पत्नी विजय शाह निवासी समस्तीपुर
शांति देवी (40) पत्नी राज कुमार मांझी निवासी नवादा
पूजा कुमार (8) पुत्री राज कुमार मांझी निवासी नवादा
पूनम देवी (40) पत्नी मेघनाथ निवासी सारण
ललिता देवी (35) पत्नी संतोष निवासी परना
इसके अलावे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के 8 और हरियाणा के एक लोग की मौत हो गई। यह घटना प्लेटफार्म 13 और 14 पर घटी। हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ में जाने के लिए स्टेशन पर जुट गए थे। यात्रियों और रेलवे प्रबंधन ने बताया कि छठ में भी ऐसी भीड़ नहीं उमड़ती है। इसका अनुमान किसी को नहीं था। इस घटना को लेकर रेलवे ने उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया है। रेलवे अधिकारियों की ओर से बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण भगदड़ मची। डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने बताया कि प्रयागराज एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर 14 पर खड़ी थी और वहां भीड़ अधिक थी। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस के देर से आने के कारण प्लेटफार्म 12, 13 और 14 पर भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई। कल हर घंटे लगभग 1500 जनरल टिकट बेचे गए थे, जिससे भीड़ बहुत बढ़ गई और नियंत्रण नहीं किया जा सका।
इधर नई दिल्ली स्टेशन पर हुई भगदड़ को देखते हुए बिहार के सभी रेलवे स्टेशनों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। एडीजी रेलवे को इसकी निरंतर मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया है। सीसीटीवी से लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है। डीजीपी ने इसे लेकर निर्देश दिया है।
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व सीएम राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित अन्य राजद नेताओं ने दिल्ली में हुए रेल हादसे की जांच और रेल मंत्री के इस्तीफे की मांग की। रविवार की सुबह पार्टी की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा कि सरकार आम जनों की सुरक्षा की बजाय अपने प्रचार -प्रचार में लगी हुई है। उन्होंने असामयिक मौत पर शोक संवेदना प्रकट की और सरकार से मृतकों के आश्रितों को मुआवजा तथा घायलों का समुचित इलाज कराए जाने की मांग की है।