सीमांचल का बेस्ट पर्यटन स्थल बनेगा गोगाबिल झील, बोटिंग की सुविधा भी मिलेगी
गोगाबिल झील में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। यहां पर्यटकीय सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। झील तक पहुंचने के लिए कनेक्टिविटी भी बेहतर की जा रही है।

बिहार के कटिहार जिले में स्थित गोगाबिल झील को सीमांचल क्षेत्र का बेहतरीन पर्यटन स्थल बनाया जाएगा। यहां आने वाले पर्यटकों को बोटिंग की सुविधा मिलेगी। यहां पर कैफेटरिया की सुविधा भी होगी। साथ ही वॉच टॉवर भी बनाया जा रहा है। वन प्रमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन ने हिन्दुस्तान को बताया कि गोगाबिल झील को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए 10.22 करोड़ रुपये से विकास कार्य किया जा रहा है। गोगाबिल झील आने वाले पर्यटकों को परेशानी नहीं हो इसके लिए विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पर्यटक को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई कार्ययोजना तैयार कर इसे अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
गोगाबिल झील में पर्यटकों के ठहरने के साथ कैफेटेरिया की सुविधा मिलेगी। बोटिंग के माध्यम से पर्यटक इस झील का मजा ले सकेंगे। वॉच टावर के जरिए झील और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। गोगाबिल झील में लोगों के लिए पर्यटन स्थल बनाने के साथ-साथ पक्षियों के लिए आश्रय स्थल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
पक्षियों के आश्रय स्थल बनाने के लिए गोगाबिल झील के चारों ओर पौधारोपण कार्य किया जाएगा। पौधारोपण कार्य कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पक्षियों के लिए आश्रय स्थल बनाया जाएगा। गोगाबिल झील कोसी एवं सीमांचल के लोगों के लिए बेहतर पर्यटन स्थल बनेगा। इसके लिए हरसभंव कोशिश की जा रही है। गोगाबिल झील का कुल रकबा 214 एकड़ में है। झील में विकास कार्य पूरा हो जाने पर यह पर्यटकीय मानचित्र पर उभर कर सामने आएगा। गोगाबिल झील अपनी पहचान के कारण पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ जुटाने में सक्षम होगा।