Hindi Newsबिहार न्यूज़Five persons including 3 men 2 women died in Ara Bihar returning from Vindhyachal Darshan

बिहार के आरा में 1 परिवार को 5 की मौत, विंध्याचल माई का दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर रफ्तार का कहर

बिहार में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना आरा बक्सर फोरलेन पर गजराजगंज क्षेत्र के बीबीगंज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के शिकार सभी लोग विंध्याचल से मां भवानी का दर्शन करके लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई।

Sudhir Kumar हिन्दुस्तानThu, 22 Aug 2024 04:21 AM
share Share

बिहार में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना आरा बक्सर फोरलेन पर गजराजगंज क्षेत्र के बीबीगंज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के शिकार सभी लोग विंध्याचल से मां भवानी का दर्शन करके लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गाड़ी भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सात लोग सवार थे जिनमें से पांच की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आरा पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस की छानबीन चल रही है। सभी मृतकों और घायलों की पहचान में पुलिस जुट गई है। स्थानीय लोगों ने दाहसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस की सहायता की। घटना सुबह साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है।

मृतक मूल रूप से भोजपुर के अजीमाबाद थाना क्षेत्र के कमरियां गांव के रहने वाले थे और पिछले कुछ सालों पटना में ही रहते थे। सभी एक ही परिवार के हैं। मरने वालों में पति-पत्नी, बेटा-बेटी शामिल हैं। पटना के रामजयपाल गोला रोड में उनका मकान है, जहां लौट रहे थे । परिवार के मुखिया भूप नारायण पाठक, पत्नी, बेटा, बहू और पोते की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि इस परिवार का बक्सर से भी जुड़ाव रहा है। सभी 19 अगस्त को दर्शन पूजन के लिए विंध्याचल गए थे और गुरुवार की सुबह में लौट रहे थे। इसी दौरान यह भीषण एक्सीडेंट हो गया।

ये भी पढ़े:सेप्टिक टैंक में उतरे चार मजदूरों की दम घुटने से मौत, सेंटरिंग खोलते समय हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बीबीगंज गांव के समीप गुरुवार की सुबह विंध्याचल से लौट रही महेंद्रा (TUV 300) गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल की डिवाइडर से टकरा गई । हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी पर सवार तीन की घटनास्थल पर व दो ने इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उसी गाड़ी पर सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस हादसे में गाड़ी के भी परखच्चे उड़ गए। हादसे को लेकर गांव एवं आसपास की इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। वही घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी इंचार्ज हरी प्रसाद शर्मा, एसआई कन्हैया कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ओपी इंचार्ज हरी प्रसाद शर्मा व अन्य पुलिस जवानों के द्वारा ही सभी को एंबुलेंस पर लाद पोस्टमार्टम अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस द्वारा इसकी सूचना मृतकों के परिजनों को दी।

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर सुनते ही मृतकों के परिजन बदहवास होकर आरा सदर अस्पताल पहुंचे। जिसके पश्चात पुलिस ने शवो का पोस्टमार्टम अस्पताल में करवाया। जानकारी के अनुसार मृतकों में अजीमाबाद थाना क्षेत्र के कमरियां गांव निवासी 56 वर्षीय भूप नारायण पाठक,उनकी 50 वर्षीया पत्नी रेणु देवी,28 वर्षीय पुत्र विपुल पाठक, 25 वर्षीया पुत्री अर्पिता पाठक एवं 3 वर्षीय पोता हर्ष पाठक शामिल हैं। ज़ख्मियों में उनकी 25 वर्षीया बहू मधु देवी एवं 4 वर्षीया पोती बेली कुमारी शामिल है एवं दोनों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

मृतक के भतीजे शिबू पाठक ने बताया कि भूप नारायण पाठक पूरे परिवार के साथ वर्तमान में पटना जिला के रूपसपुर थाना क्षेत्र के डीपीएस मोड़ स्थित अपर्णा कॉलोनी में रहते थे एवं भूप नारायण पाठक व उनका पुत्र विपुल पाठक मंदिर एवं घरों में जाकर पूजा पाठ करने का काम करते थे। सोमवार रक्षाबंधन के दिन सभी लोग महिंद्रा (TUV 300) गाड़ी पर सवार होकर उत्तर प्रदेश के विंध्याचल दर्शन के लिए गए थे। गुरुवार की सुबह सभी लोग विंध्याचल से दर्शन कर वापस पटना लौट रहे थे। लौट के क्रम में विपुल पाठक गाड़ी चल रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी बीबीगंज गांव के समीप ओवर ब्रिज पर पहुंची। उसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से टकरा गई। जिसमे भूप नारायण पाठक, उनकी पत्नी रेणु देवी एवं पुत्र विपुल पाठक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पुत्री अर्पिता पाठक एवं पोता हर्ष पाठक ने इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं गाड़ी पर सवार उनकी बहू मधु देवी एवं पोती बेली कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जिनका इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें