फर्जी महिला डॉक्टर बहू संग गिरफ्तार, 21 लाख बरामद
रामनगर में पुलिस ने फर्जी डॉक्टर ऊषा सिंह और उसकी बहू महिमा कुमारी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम पर परिवार ने ईंट-पत्थर और मिर्ची पाउडर फेंका। अवैध अस्पताल में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत के मामले...

रामनगर (प.चं.)। नगर के राज शिव मंदिर के नजदीक अर्जुन नगर में फर्जी डॉक्टर ऊषा सिंह को पकड़ने गई पुलिस टीम पर परिजनों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर व मिर्ची पाउडर फेंका गया। इसके बावजूद एएसपी दिव्यांजलि कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने फर्जी डॉक्टर व उसकी बहू महिमा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डॉक्टर के घर से 21 लाख 14 हजार 607 रुपये नगद बरामद किये हैं। इसके अलावा ब्रांडेड कंपनी की चार बोतल शराब व पांच बाइक भी जब्त की है। नोटों को गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। सीओ वेदप्रकाश की देखरेख में नोटों की गिनती की गई।
बता दें कि शनिवार को ऊषा देवी के अवैध अस्पताल में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने शनिवार रात कार्रवाई की। एएसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फर्जी डॉक्टर अपने घर के ऊपरी मंजिल पर छुपी है। छापेमारी करने गई टीम पर डॉक्टर व उनके परिजनों ने ईंट-पत्थर व मिर्ची पाउडर से हमला कर दिया। इसके बाद हमने खुद कमान संभाली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने फर्जी डॉक्टर ऊषा सिंह, उसके पुत्र अंबुज कुमार उर्फ झुन्नू, बहू महिमा कुमारी को पुलिस पर हमला और जच्चा-बच्चा की मौत मामले में नामजद किया है। ऊषा सिंह व महिमा कुमारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अंबुज की तलाश में छापेमारी जारी है। उल्लेखनीय हैं कि शनिवार को ऊषा सिंह के फर्जी अस्पताल में प्रसव के बाद सिगड़ी बहुअरी गांव निवासी संदीप राम की पत्नी चिन्ता देवी व नवजात की मौत हो गई थी। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष ललन कुमार, एसआई राजेश कुमार, सतीश कुमार, राजन कुमार, नेहा कुमारी, पूजा कुमारी, राजीव साफी, एएसआई गौतम कुमार शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।