बिहार में 2 वर्ल्ड कप: राजगीर में महिला कबड्डी, पटना में सेपक टकरा टूर्नामेंट
- बिहार में होली से ठीक पहले और ठीक बाद दो खेलों के विश्व कप टूर्नामेंट होंगे। राजगीर में महिला कबड्डी जबकि पटना में सेपक टकरा चैंपियनशिप आयोजित होगी।

नवंबर में एशिया महिला हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर चुके बिहार में होली के ठीक पहले और ठीक होली के बाद दो-दो खेल के विश्व कप टूर्नामेंट आयोजित होंगे। राजगीर में जहां महिलाओं की कबड्डी की विश्व चैंपियनशिप खेली जाएगी वहीं पटना में सेपक टकरा का वर्ल्ड कप आयोजित होगा। राज्य सरकार ने दोनों खेल आयोजनों के लिए 21 करोड़ रुपये के खर्च के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक बुलाई थी जिसमें खेल विभाग के इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिली है।
राज्य के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने कैबिनेट बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में बताया कि खेल विभाग के तहत विश्व कप महिला कबड्डी चैंपियनशिप 2025 के आयोजन की सैद्धांतिक सहमति एवं इस आयोजन पर होने वाले व्यय की कुल राशि आठ करोड़ 25 लाख 72 हजार 729 रुपये की स्वीकृति दी गई है। विश्व कप महिला कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन 7 मार्च से 12 मार्च 2025 तक बिहार राज्य खेल अकादमी, राजगीर में प्रस्तावित है। इस आयोजन में भारत, पोलैंड, रोमानिया, केन्या, युगांडा, अर्जेंटीन, ईरान, चाईनीज ताईपे, नेपाल, जापान, कोरिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया और बंग्लादेश कुल 15 देशों की टीम हिस्सा लेगी।
महिला कबड्डी के समापन के बाद 14 मार्च को होली है। होली के दो दिन बाद पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में सेपक टाकरा विश्व कप का आयोजन शुरू होगा। नौ दिन तक चलने वाले सेपक टाकरा वर्ल्ड कप में 16 देशों की टीम हिस्सा लेंगी। इसका फाइनल 26 मार्च को खेला जाएगा। बिहार में हाल के दिनों में खेल सुविधाओं को विकसित करने पर नीतीश सरकार का जोर है। पटना में लंबे समय से बंद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच शुरू कराने की कवायद भी चल रही है। मोइनुल हक स्टेडियम को संवारने की योजना पर काम चल रहा है।