Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Ashwini Choubey BJP pushes for leaders above 70 years age to give chance to younger generation in election

संन्यास ले चुके अश्विनी चौबे बोले- युवाओं को चुनाव में मौका दें 70 साल पार कर चुके नेता

  • बिहार में भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा है कि 70 साल से ज्यादा उम्र के नेताओं को चुनाव में युवाओं को मौका देना चाहिए।

Ritesh Verma लाइव हिन्दुस्तानWed, 7 Aug 2024 12:15 PM
share Share

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा है कि जिन नेताओं की उम्र 70 साल के पार हो चुकी है, उनको युवाओं को चुनाव में मौका देना चाहिए। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 71 साल के अश्विनी चौबे का टिकट काट दिया। चौबे की बक्सर लोकसभा सीट से बीजेपी ने मिथिलेश तिवारी को लड़ाया था जिन्हें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक सुधाकर सिंह ने हरा दिया। बिहार राजद के अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर नीतीश कुमार की महागठबंधन सरकार में कृषि मंत्री रहे थे लेकिन नीतीश विरोधी बयानों की वजह से डेढ़ महीने में इस्तीफा देना पड़ा था। टिकट कटने के बाद चौबे ने शुरू में कुछ तेवर दिखाया था लेकिन बाद में ठंडे पड़ गए थे।

अश्विनी चौबे ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह चुनावी राजनीति से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब वो पार्टी की मजबूती और देश निर्माण के काम में लगे हैं। चौबे ने यह भी कहा कि उनका व्यक्तिगत विचार है कि जिनकी भी आयु 70 वर्ष पार हो चुकी है, वे युवाओं को चुनाव में मौका दें। उन्होंने कहा कि वो युवाओं को चुनाव में मौका देना चाहते हैं। समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति आंदोलन से अपनी राजनीतिक सक्रियता का जिक्र करते हुए चौबे ने कहा कि अब वो लोकनायक जेपी के विचारों को पूरे देश में प्रचारित करेंगे। 

मेरा उत्तराधिकारी मैं ही हूं, मेरे अलावा कोई दूसरा नहीं है: अश्विनी चौबे

अश्विनी चौबे ने कहा कि उन्हें कई बार सुनने को मिलता है कि उनका उत्तराधिकारी कौन बनेगा। इसका सही जवाब है कि मेरा उत्तराधिकारी मैं ही हूं। मेरा अलावा कोई दूसरा नहीं है। बक्सर के दो बार सांसद रहे चौबे ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस-वे बनाने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि अन्य योजनाओं पर भी बात चल रही है जिनको शीघ्र मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

जनवरी में ही जारी होगी BJP की पहली लिस्ट, 70 साल से अधिक उम्र के नेताओं का कट सकता है टिकट

भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी भाजपा के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य हैं। पीएम मोदी की उम्र अगले महीने 74 साल हो जाएगी जबकि राजनाथ सिंह ने पिछले महीने ही 73 साल पूरा किया है। भाजपा में 70 साल से ज्यादा उम्र के कई नेता सरकार और संगठन में सक्रिय हैं जिनमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, मनोहर लाल खट्टर, डॉक्टर वीरेंद्र कुमार, हरदीप सिंह पुरी, राव इंद्रजीत सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, श्रीपद नाइक और भागीरथ चौधरी शामिल हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें