दिल्ली-एनसीआर में ठंड के प्रकोप से राहत; ताजा पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई चिंता, मौसम विभाग का अलर्ट
- मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में सोमवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 28 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखाएगा।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड का प्रकोप कुछ कम हुआ है। राजधानी दिल्ली में बीते 8 वर्षों में पहली बार गणतंत्र दिवस पर मौसम सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। इससे पहले 26 जनवरी 2017 को राजधानी में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी ने दिल्ली में लगातार सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किए जाने का कारण साफ आसमान और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं बताया। हालांकि, साफ आसमान रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने सोमवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 28 जनवरी से नए पश्चिमी विक्षोभ के इस क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और वृद्धि होगी। आईएमडी के अनुसार, सप्ताहांत तक न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लखनऊ में मौसम साफ रहने का अनुमान
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज यहां न्यूनतम तापमान 9.69 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के वक्त हल्का कोहरा देखा गया। अधिकतम तापमान 18.31 सेल्सियस रहने की उम्मीद है। लखनऊ में रविवार को न्यूनतम तापमान 9.58 सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 24.29 सेल्सियस रहा। सुबह आर्द्रता 29% दर्ज की गई। आज सूर्योदय 6:53 बजे हुआ है और सूर्यास्त शाम 5:43 बजे होगा।
बिहार में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी
बिहार में अभी तक कोहरे की मार जारी है। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार तक उत्तर भारत के हिमालय के तराई के जिलों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रह सकता है। सोमवार की सुबह बिहार में ठंड और कोहरे का असर देखा गया। कुछ इलाकों में ठंडी हवाएं भी चल रही हैं जिससे लोगों की कंपकंपी छूटने लगी। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 2 पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। एक विक्षोभ 29 जनवरी और दूसरा 1 फरवरी को अपना असर दिखाएगा, जिससे कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
राजस्थान के कई स्थानों पर सर्दी बरकरार
राजस्थान के अनेक स्थानों पर सर्दी बरकरार है। बीते चौबीस घंटे में कुछ स्थानों पर पारा 3-4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को न्यूनतम तापमान सीकर में 3.5 डिग्री, चूरू में 3.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 4.6 डिग्री, पिलानी में 5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ व अलवर में 5.1 डिग्री, डबोक में 5.7 डिगी, वनस्थली व बीकानेर में 6.2 डिग्री, कोटा में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य में मौसम आम तौर पर शुष्क रहा। विभाग ने अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क व सामान्य रहने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विशेषज्ञों ने राजस्थान में अगले तीन दिनों तक कड़ाके की सर्दी का अनुमान जताया है। सर्द हवाएं चलने से जयपुर, सीकर, कोटा, उदयपुर, बारां, सिरोही, हनुमानगढ़, अलवर में दिन में भी ठंडक बनी हुई है।
कश्मीर में न्यूनतम तापमान गिरने से रात में ठंड बढ़ी
कश्मीर घाटी में रविवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण रात की ठंड और बढ़ गई। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 29 जनवरी तक कश्मीर में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। केंद्र के मुताबिक, 29 जनवरी की रात और 30 और 31 जनवरी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या फिर हिमपात हो सकता है। जनवरी के अंत तक कोई खास बारिश नहीं होने वाली है। कश्मीर में 1-2 फरवरी को सामान्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या फिर हिमपात होने का अनुमान है जबकि 5 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि कश्मीर घाटी में रात में ठंड बढ़ रही है और दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है। श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य प्रमुख मौसम केंद्रों में रात का तापमान गिरता जा रहा है। तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया, जबकि दिन के तापमान में वृद्धि देखी गई।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।