Hindi Newsमौसम न्यूज़weather updates aaj ka mausam february 10 rain alert assam sikkim delhi ncr imd report today

धूप खिलने से ठंड से राहत, मगर आज कई राज्यों में होगी बारिश; मौसम विभाग का अलर्ट

  • राजस्थान के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तानMon, 10 Feb 2025 08:18 AM
share Share
Follow Us on
धूप खिलने से ठंड से राहत, मगर आज कई राज्यों में होगी बारिश; मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम लगातार करवट ले रहा है। उत्तर भारत के तमाम हिस्सों में सुबह और शाम के वक्त ठंड कायम है। हालांकि, दोपहर में धूप होने से राहत जरूर मिलती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवाती सर्कुलेशन फिलहाल पूर्वोत्तर बांग्लादेश के आसपास के क्षेत्र पर स्थित है। इसके चलते 15 तारीख तक अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश होगी। बर्फबारी के भी आसार हैं। 11-13 फरवरी के दौरान आंधी और बिजली गिरने के साथ तेज बरसात हो सकती है। मंगलवार से लेकर शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बदरा बरसेंगे। इसके अलावा असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश का अनुमान है। इस दौरान सर्द हवाएं भी चलेंगी जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

ये भी पढ़ें:दिल्ली के मौसम में इस हफ्ते उलटफेर, 30 की स्पीड से चलेगी हवा, 28°C जाएगा तापमान
ये भी पढ़ें:कल से बदल जाएगा हिमाचल प्रदेश का मौसम, 2 दिन लगातार होगी बर्फबारी

दिल्ली में रविवार को धूप खिली रही और हवा की गति में कमी आ जाने के कारण वायु गुणवत्ता फिर से खराब श्रेणी में पहुंच गई। यहां अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 4 डिग्री अधिक है। यह इस वर्ष में अब तक का सबसे अधिक तापमान भी रहा। इससे पहले 31 जनवरी को सबसे अधिक 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान में वृद्धि के बावजूद न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार तक इसी तरह से धूप के साथ मौसम के हल्का गर्म रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। हवा की गति कम रहने के कारण अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सर्दी धीरे-धीरे बसंत में बदल रही है। फरवरी के अंत तक दिल्ली में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

राजस्थान के न्यूनतम-अधिकतम तापमान में वृद्धि

राजस्थान के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहा और सभी शहरों में तेज धूप निकली। इस दौरान फतेहपुर, नागौर, बीकानेर, बाड़मेर, उदयपुर, सीकर और अलवर में अधिकतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। बाड़मेर शनिवार को सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दौसा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करौली में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, संगरिया में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 7 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 7.2 डिग्री रहा।

तेलंगाना में 3 दिन धुंध या कोहरे का अनुमान

तेलंगाना में अगले तीन दिन अलग-अलग स्थानों पर सुबह के समय धुंध या कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को एक दैनिक मौसम रिपोर्ट में यह बताया। इसके मुताबिक, इसी अवधि के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान है। अगले 7 दिन में तेलंगाना में शुष्क मौसम रहने का आसार है। रिपोर्ट में कहा गया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात सबसे कम न्यूनतम तापमान तेलंगाना के आदिलाबाद में 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

अगला लेखऐप पर पढ़ें