दिल्ली के मौसम में इस हफ्ते उलटफेर, 30 की स्पीड से चलेंगी हवाएं, 28°C जाएगा तापमान
Delhi Mausam: दिल्ली में इस हफ्ते मौसम में बड़ी तब्दीली देखी जाएगी। क्या पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली में भी कराएगा बारिश? कोहरे और तापमान पर क्या है अपडेट जानें मौसम विभाग का लेटेस्ट अपडेट…

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस हफ्ते मौसम में बड़ी तब्दीली देखी जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो 9 से 11 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट से लेकर हल्की बारिश या बर्फबारी देखी जाएगी। हालांकि दिल्ली एनसीआर के मौसम पर इसका बड़ा असर आने के आसार कम ही हैं। दिल्ली एनसीआर के इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान आसमान में हल्के बादल नजर आ सकते हैं। सुबह के वक्त धुंध पड़ सकती है। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान के 28°C के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।
दिल्ली में गलन भरी हवाओं के चलते रात के समय सामान्य से ज्यादा ठंडक का अहसास हो रहा है। जबकि, दिन भर खिली हुई तेज धूप के चलते दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा हो रहा है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा रहा। अगले दो दिनों के बीच भी मौसम का यह रुख बना रहेगा। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सोमवार की सुबह हल्की धुंध देखने को मिलेगी।
दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में इस हफ्ते बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में 10 और 11 फरवरी को अधिकतम तापमान के 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। 10 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 11 और 12 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 12, 13 और 14 फरवरी को तेज स्पीड वाली हवाएं चलेंगी। 12 और 14 फरवरी को हवा की स्पीड 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की जा सकती है। वहीं 13 फरवरी को हवा की स्पीड 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की जा सकती है। 12 फरवरी को दिल्ली मे अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
दिल्ली में 13 और 14 फरवरी को अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान के 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। 15 फरवरी को अधिकतम तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी का अनुमान है। 15 फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान के 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर इस हफ्ते दिल्ली में बारिश नहीं होगी। तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। तेज हवाएं चलने से पलूशन से भी राहत मिल सकती है।