Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़After Holi weather changed temperature dropped due to snowfall rain in Uttarakhand

होली के बाद मौसम ने फिर बदली करवट, उत्तराखंड में बर्फबारी-बारिश से पारा गिरा

  • उत्तराखंड में होली के बाद मौसम ने फिर करवट बदली और शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई। बर्फबारी और बारिश के बाद पारे में गिरावट दर्ज की गई है।

Himanshu Kumar Lall लाइव हिन्दुस्तानSun, 16 March 2025 10:32 AM
share Share
Follow Us on
होली के बाद मौसम ने फिर बदली करवट, उत्तराखंड में बर्फबारी-बारिश से पारा गिरा

उत्तराखंड में होली के बाद मौसम ने फिर करवट बदली और शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश हुई। साथ ही चारों धामों के अलावा हर्षिल, औली, हेमकुंड सहित अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मार्च मध्य में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ, मद्ममहेश्वर, तुंगनाथ, कार्तिक स्वामी, चंद्रशिला सहित ऊंची चोटियों पर शनिवार सुबह बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी से पूरे जिले में मौसम ठंडा हो गया।

वहीं, चमोली जिले में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह बदरीनाथ और हेमकुंड में भारी हिमपात हुआ। शनिवार को बदरीनाथ में एक फुट से अधिक बर्फ गिरी। पर्यटन स्थल औली में भी बर्फबारी हुई।

शनिवार सुबह चार बजे से 10 बजे तक बर्फबारी का सिलसिला चला। औली की ढलानों में लगभग 2 इंच तक ताजा बर्फ गिरी। बर्फबारी से पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया। वहीं ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) समेत आसपास के क्षेत्रों में शनिवार दोपहर तक भारी बारिश होती रही।

उधर, कुमाऊं में भी उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिथौरागढ़, मुनस्यारी के साथ बागेश्वर के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई। खलिया टॉप, भुजानी, आदि कैलास, मानसरोवर मार्ग पर 18 से 20 इंच तक हिमपात हुआ।

बर्फबारी के कारण चीन सीमा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित हो गया है। इससे सैनिकों के साथ सीमांत गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है।बर्फबारी और बारिश के बाद खलिया टॉप क्षेत्र का न्यूनतम तापमान माइनस 1 और मुनस्यारी में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दूसरी ओर, सरोवर नगरी नैनीताल में शनिवार सुबह बूंदाबांदी से मौसम ठंडा रहा और दिन भर बादल छाए रहे। ऊधमसिंह नगर में रात को हल्की बारिश हुई और दिन में धूप खिली रही।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।