Weather News: पूर्वी यूपी में दो दिन में बदल सकता है मौसम, क्रिसमस से हल्के बादल के आसार
- मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अफगानिस्तान, पश्चिमी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का पूर्वी यूपी पर आंशिक असर होगा। बुधवार से पूर्वी यूपी के आसमान में हल्के बादल छाएंगे। इससे बुधवार से शनिवार तक मौसम बदल सकता है।

Weather News: पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन में मौसम बदल सकता है। पुरवा हवा यह संकेत दे रही है। क्रिसमस पर बादल छा सकते हैं। वे 28 दिसंबर को वाराणसी में बूंदाबादी भी करा सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस हफ्ते अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, मौसम से जुड़ी वेबसाइट एक्यूवेदर ने इस हफ्ते भी मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। मौजूदा मौसम की तासीर के मुताबिक आधी रात से भोर के बीच ठंड का जोर दिख रहा है जबकि सूरज चढ़ने के साथ वातावरण से ठंड गायब भी हो जा रही है। दिन में पुरवा के चलते अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अफगानिस्तान, पश्चिमी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का पूर्वी यूपी पर आंशिक असर होगा। इसके कारण बुधवार से पूर्वी यूपी के आसमान में हल्के बादल छाएंगे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इससे बुधवार से शनिवार तक मौसम बदलेगा। आसमान में हल्के बादलों की मौजूदगी रहेगी। ठंडी हवाएं चलेगी। सूरज और बादलों के बीच आंख-मिचौली होगी। इसके कारण दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। हालांकि बादलों की मौजूदगी से रात के तापमान में जरूर उछाल होगा।
गोरखपुर में तापमान में बढ़ा
रविवार को दिन बेहद गर्म रहा। तड़के कोहरा छंट गया। रविवार को अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। बीते 24 घंटे में रात के तापमान में भी 0.7 डिग्री सेल्सियस का उछाल हुआ है। रविवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम था। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि हवा में नमी कम हुई है। इसकी वजह है पछुआ की गति धीमी होना। ऊपरी वायुमंडल में ही पछुआ तेज गति में चल रही है। निचले वायुमंडल में पछुआ हवाएं रफ्तार नहीं पा रहीं। वहीं पश्चिमी विक्षोभ भी कमजोर है।
आगरा में बारिश के आसार
वहीं ताजनगरी आगरा में बारिश के संकेत दिए गए हैं। मौसम विभाग ने क्रिसमस के पहले बदलाव के आसार जताए थे। यह अब दिखाई दे सकता है। मध्यम स्तर की हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। अनुमान के मुताबिक मंगलवार को तेज रफ्तार हवाओं के साथ दिन में एक या अधिक बार बारिश के संकेत दिए गए हैं। इसके बाद 25 और 26 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना कम है। लेकिन इसके बाद 27 और 28 दिसंबर को तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश के आसार जताए गए हैं। कुल मिलाकर साल के अंत में चार दिनों की बारिश हो सकती है।