UP Weather: यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, आज से तेज हवा, बढ़ेगी ठंड
UP Weather: यूपी में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आज से तेज हवा चलने की भविष्यवाणी की गई है। इसके साथ ही पारा गिरेगा, जिसके कारण ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार बदलाव का असर गुरुवार से दिखाई देने लगेगा।।

UP Weather: यूपी में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आज से तेज हवा चलने की भविष्यवाणी की गई है। इसके साथ ही पारा गिरेगा, जिसके कारण ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार बदलाव का असर गुरुवार से दिखाई देने लगेगा।। करीब 25 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलने से तापमान में दो-तीन डिग्री की गिरावट होगी। इससे सुबह और शाम ठंड बढ़ेगी। हालांकि तेज हवा चलने से कोहरा नहीं पड़ेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बीते चार फरवरी को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर पूर्वांचल से गुजर चुका है, लेकिन उत्तर बांग्लादेश के आसपास एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। आठ फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है। यदि यह दोनों टकराते हैं तो 12 फरवरी के आसपास पूर्वांचल में बूंदाबादी हो सकती है। इस विक्षोभ के गुजरने के बाद 14 फरवरी से एक बार तापमान में दोबारा बढ़ोतरी होगी। इससे पहले बुधवार को बाबतपुर मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक 27.8 डिग्री और रात का तापमान 3.9 डिग्री अधिक 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कुछ जिलों में बुधवार से ही तेज हवा चलने से मौसम में बदलाव दिखाई देने लगा था। अधिकतम पारा लुढ़क गया है। मौसम में उतार-चढ़ाव होने से जुकाम, बुखार और खासी पीड़ितों की संख्या भी बढ़ी है। पिछले एक सप्ताह से गर्मी के कारण छूट रहे पसीने से बुधवार को राहत भी मिली। सतही हवाएं चलने से बुधवार को दिन के तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। प्रयागराज में मंगलवार को दिन का तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस था। जबकि बुधवार को 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
मंगलवार को न्यूतनम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस था, जबकि बुधवार को 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 31 जनवरी और दो फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया था। दिन का तापमान बढ़ने से माघ में फाल्गुन मौसम बन गया था। मौसम वैज्ञानिक आकाश मिश्र के अनुसार, आगामी गुरुवार और शुक्रवार को सतही हवाएं चलने के आसार हैं। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट होगी और हवाएं चलने से ठंड का प्रभाव रहेगा।