UP Weather: छह साल बाद मार्च में कम रहा तापमान, होली तक होगी गर्मी, बढ़ेगा पारा
- यूपी में रात का पारा 3.4 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार छह साल बाद मार्च की रात इतनी ठंडी गई है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुक्रवार रात तक जारी रह सकता है।

यूपी में रात का पारा 3.4 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार छह साल बाद मार्च की रात इतनी ठंडी गई है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुक्रवार रात तक जारी रह सकता है। दिन के तापमान में भी 2.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, अधिकतम तापमान 27.3 दर्ज किया गया। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार इसके पूर्व एक मार्च 2019 को न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके पहले 14 मार्च 2017 में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा था। तापमान गिरने की वजह पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद चल रही तूफानी हवा है। मौसम विभाग के अनुसार रात तापमान में थोड़ी और गिरावट हो सकती है। दूसरी ओर दिन के तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी जो आगे जारी रहेगी।
वर्ष 1979 में पहुंचा था 5.4 पर पारा
मार्च माह में सबसे सर्द रात 1979 में दर्ज की गई थी। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार उस साल 10 मार्च को तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। बीते दो दशकों में वर्ष 2012 में 11 मार्च को सबसे सर्द रात रही थी जब न्यूनतम तापान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पछुआ हवाओं से बदला मौसम शनिवार से थम जाएगा। सुबह से धूप खिलेगी। होली तक गर्मी बढ़ जाएगी। तापमान में भी बढ़ोतरी की आशंका है। दिन का पारा 32 डिग्री से अधिक तो रात का तापमान भी 16 के पार पहुंचने की प्रबल आशंका है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार तक सुबह से धूप खिलेगी। बता दें कि बीते दो दिनों से चल रही ठंडी पछुआ हवा के कारण लोग दोबारा से सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनकर निकल रहे थे। रात का पारा भी काफी नीचे आ गया था। बदले मौसम से सभी हैरान थे। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की ठंडी हवाएं शरीर में चुभ रहीं थीं। अब ऐसे में फिर मौसम बदलेगा। मौसम विभाग की मानें तो मौसम साफ रहेगा।