UP Weather: पछुआ हवाओं से बढ़ी सर्दी, तापमान गिरा, पश्चिम यूपी में और तेज होगी धूल भरी आंधी
- तूफानी रफ्तार से चल रही पछुआ ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सर्दी की वापसी करा दी है। 30 जिलों में न्यूनतम से लेकर अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। लखनऊ में उत्तर पश्चिमी हवा की अधिकतम रफ्तार 51 किलोमीटर प्रतिघंटा रही।
तूफानी रफ्तार से चल रही पछुआ ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सर्दी की वापसी करा दी है। 30 जिलों में न्यूनतम से लेकर अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। लखनऊ में उत्तर पश्चिमी हवा की अधिकतम रफ्तार 51 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। इससे अधिकतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले पांच और न्यूनतम में तीन डिग्री की गिरावट आई। नजीबाबाद में 9.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे सर्द रात गुजरी।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद पीछे छूटे खाली स्थान को उत्तर पश्चिम से आ रही हवा भर रही है। इस वजह से हवा की गति तेज है। इसकी रफ्तार गुरुवार को भी अधिक रहेगी लेकिन बुधवार के मुकाबले कुछ कम होगी। बर्फीले इलाकों से होकर आ रही पछुआ ने लखनऊ समेत कई शहरों में सर्दी की वापसी करा दी। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12.5 और अधिकतम 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। मेरठ में भी न्यूनतम तापमान 9.8 व अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया।
रात में पारा और गिरेगा, दिन में हल्का बढ़ेगा
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अगले दो दिन ज्यादातर जिलों में रात के तापमान में थोड़ी और गिरावट आएगी। वहीं, गुरुवार से दिन में तापमान हल्का बढ़ने लगेगा। दो दिना में यह वापस पहले जैसी स्थिति में पहुंच जाएगा। इसके बाद रात के तापमान में भी क्रमिक रूप से बढ़ोतरी होने लगेगी।
पश्चिम यूपी में और तेज चलेगी हवा
वेस्ट यूपी के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को चली बर्फीली हवाओं की आंधी से दिन-रात के तापमान पर ब्रेक लग गया। इस बर्फीली हवा से दिन कांप उठा और रात ठिठक गई। बीते 24 घंटे में दिन में 2.5 और रात में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। इससे दिन-रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया। मार्च के पहले हफ्ते में दिन-रात के तापमान में यह बड़ी गिरावट है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मेरठ में 12 से 18 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज सर्द हवाएं चलती रहीं। बर्फीली हवाओं की यह आंधी बुधवार रात भी जारी रही। आज भी मेरठ सहित वेस्ट यूपी में बर्फीली हवाओं की आंधी और तेज होने के आसार हैं। आज 25 से 45 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार तक तेज आंधी चल सकती है।