UP Weather: बादलों की आवाजाही से उमस भरी गर्मी, पारा 40 डिग्री पार, कल से हीट वेव के आसार
यूपी में गर्मी के तेवर बढ़ते दिख रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर के बावजूद दिन-रात का पारा चढ़ गया। 72 घंटों के बाद पारा 40 डिग्री के नजदीक पहुंच गया। हल्की बादलों की आवाजाही के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।

यूपी में गर्मी के तेवर बढ़ते दिख रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर के बावजूद दिन-रात का पारा चढ़ गया। 72 घंटों के बाद पारा 40 डिग्री के नजदीक पहुंच गया। हल्की बादलों की आवाजाही के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। विक्षोभों के असर के बावजूद अब तापमान बढ़ता रहेगा। सोमवार से अब हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
प्री मानसून की गतिविधियां इस वर्ष अब तक अधिक रही हैं। इस कारण विक्षोभों और परिसंचरण का दौर जारी है। शनिवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम विभाग ने शहर में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया था, लेकिन बादल बिना बरसे छट गए। तेज धूप खिली रही और नमी भी अधिक रही। इस कारण उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और दिन का पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह न्यूनतम पारा 25.8 डिग्री और 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की गति भी धीमी पड़ गई। भारतीय मौसम विज्ञान के अनुसार, प्रदेश में पश्चिम से पूरब तक उत्तरी बेल्ट में आंधी-पानी का अलर्ट बना रहेगा लेकिन शेष प्रदेश में तापमान तेजी से चढ़ेंगे। इसके 24 घंटे के बाद तापमान 43 के नजदीक चला जाएगा। इसी सप्ताह पारा 44-45 डिग्री तक जा सकता है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीट वेव की शुरुआत हो जाएगी।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया, पश्चिमी विक्षोभ का प्रदेश में असर बना रहेगा। इसके विपरीत शुष्क मौसम की शुरुआत हो जाएगी। नमी को कम होने में 24 से 48 घंटे लग सकते हैं इसलिए रविवार या सोमवार तक उमस भी रह सकती है। यदि कोई नया विक्षोभ नहीं आता है तो लगातार शुष्क मौसम बना रहेगा।