योगी सरकार ने 6 आईएएस अधिकारियों का किया ट्रांसफर, हटाए गए ब्रजपाल, देखें लिस्ट
योगी सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। अविनाश कृष्ण सिंह को महानिदेशक प्राविधिक शिक्षा के साथ सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

राज्य सरकार ने नमामि गंगे योजना के अधिशासी निदेशक व विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा ब्रजराज सिंह यादव समेत छह आईएएस अधिकारियों का रविवार को तबादला कर दिया। ब्रजराज सिंह यादव राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त बनाया गया है। ब्रजराज सिंह के पास नमामि गंगे के अधिशासी निदेशक का भी पदभार था। माना जा रहा है कि उन्हें लखीमपुर खीरी में पानी की टंकी के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार के कारण हटाया गया है।
राज्य सरकार ने छह आईएएस अफसरों के तबादले किए हैं। इसी तरह अविनाश कृष्ण सिंह महानिदेशक प्राविधिक शिक्षा को सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। ए. दिनेश कुमार विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा से विशेष सचिव गृह बनाए गए हैं। विनोद कुमार नगर आयुक्त अलीगढ़ से विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा, प्रेम प्रकाश मीणा मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव से नगर आयुक्त अलीगढ़ और कृति राज संयुक्त मजिस्ट्रेट फिरोजाबाद से मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव बनाई गई हैं।
लखीमपुर खीरी में 27 अप्रैल को निर्माणाधीन पानी की टंकी गिर गई थी। इसमें गुणवत्ता को लेकर आरोप लगे थे। शासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया था और मुख्यमंत्री की सख्त नाराज़गी के बाद जांच कमेटी गठित की गई थी। साथ ही अधिशासी अभियंता और ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में अब रविवार को नमामि गंगे परियोजना के अधिशासी निदेशक ब्रजराज सिंह यादव को हटा दिया गया है।
इससे पहले योगी सरकार ने 28 अप्रैल की देर रात भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के छह अधिकारियों का तबादला किया था। राजनीतिक पेंशन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में प्रमुख सचिव श्रीमती सन्युक्ता समदददार को वर्तमान दायित्व के साथ अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। जबकी आबकारी विभाग में विशेष सचिव दिव्य प्रकाश गिरि को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलपूर्ति विभाग का विशेष सचिव बनाया गया।
चिकित्सा शिक्षा विभाग में विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार सिंह कुशवाहा का तबादला विशेष सचिव आबकारी विभाग के पद पर किया गया। विशेष सचिव समाज कल्याण विभाग रजनीश चंद्र को विशेष सचिव ग्राम्य विकास विभाग के पद पर भेजा गया जबकि विशेष सचिव ग्राम्य विकास विभाग राजेन्द्र सिंह को श्री चंद्र के स्थान पर विशेष सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गयी। इनके अलावा प्रतीक्षारत आईएएस श्रीमती पूजा यादव का तबादला सचिव उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पद पर किया गया।