Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़two sisters who went missing from home early in morning a day before found dead in a well

सुबह-सुबह घर से लापता हुईं दो बहनें, एक दिन बाद कुएं में मिली लाश; मचा कोहराम 

चित्रकूट में घर से लापता दो बहनों की लाश कुएं में मिली है। दोनों बहनें शुक्रवार को तड़के घर से लापता हो गई थीं। रविवार की सुबह घर से करीब सौ मीटर दूर एक कुएं में दोनों बहनों की लाश मिली।

Ajay Singh हिन्‍दुस्‍तान , चित्रकूटSun, 9 June 2024 08:33 AM
share Share

Dead bodies of two sisters found in a well: यूपी के चित्रकूट में घर से लापता दो बहनों की लाश कुएं में मिली है। दोनों बहनें शुक्रवार को तड़के घर से लापता हो गई थीं। रविवार की सुबह 10 बजे के करीब घर से करीब सौ मीटर दूर एक कुएं में दोनों बहनों की लाशें मिलीं। दोनों बहनें भाई की डांट से नाराज होकर घर से चली गई थीं। घरवालों ने शुक्रवार की शाम थाने पहुंचकर पुलिस से उनके गायब होने की शिकायत की थी। एक दिन बाद दोनों बहनों की लाश मिलने से घर में कोहराम मच गया। 

कुएं में बहनों की लाश मिलने की सूचना पर चित्रकूट के एएसपी और सीओ ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। मिली जानकारी के अनुसार चित्रकूट के नादिन कुर्मियान गांव के रहने वाले ज्ञान सिंह की 22 वर्षीया बेटी सोमवती और 18 वर्षीया अनामिका उर्फ खुशबू शुक्रवार को तड़के अचानक घर से लापता हो गई थी। दोनों बहनों की तलाश दिन भर परिवारीजन करते रहे। बताते हैं कि परिवारीजनों ने किसी बात को लेकर दोनों बहनों को डांट दिया था। जिससे नाराज होकर दोनों घर से चली गईं। दिन भर खोजने पर भी जब दोनों बहनें नहीं मिलीं तो परिवारीजनों ने शाम को थाने पहुंचकर पुलिस को भी अवगत कराया। 

परिवारीजनों के मुताबिक दोनों का बड़ा भाई दीपक सिंह शुक्रवार को तड़के करीब तीन बजे गांव के ही अजय सिंह के यहां चल रही रामायण में शामिल होने के बाद घर लौटा था। उस दौरान दोनों बहनें घर पर मौजूद थीं। दोनों जग रही थीं। दीपक ने दोनों को सोने के लिए कहा। इसके बाद दीपक खुद अपने कमरे में जाकर सो गया। रविवार को सुबह करीब दस बजे घर से करीब सौ मीटर दूर कुएं में ग्रामीणों ने शव उतराता देखा तो परिजनों को अवगत कराया। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बहनों के शव कुएं से बाहर निकलवाए।

शव देखते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ राजापुर निष्ठा उपाध्याय फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्‍होंने मामले की जानकारी ली। सीओ का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या दोनों सगी बहनों ने परिवारीजनों की डांट से नाराज होकर खुदकुशी की है। ऐसी जानकारी मिल रही है। फिर भी मामले के सभी पहलुओं से बारीकी से जांच की जा रही है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें