प्रियंका गांधी ने आगरा डीएम के नोटिस का दिया जवाब, जिलाधिकारी बोले- अब नहीं करेंगे कोई कार्रवाई
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा आगरा में 48 घंटे में 28 मौतों को लेकर किए गए ट्वीट के बाद डीएम आगरा की तरफ से मिले नोटिस का जवाब प्रियंका गांधी ने दे दिया है। कांग्रेस...
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा आगरा में 48 घंटे में 28 मौतों को लेकर किए गए ट्वीट के बाद डीएम आगरा की तरफ से मिले नोटिस का जवाब प्रियंका गांधी ने दे दिया है। कांग्रेस महासचिव ने 24 घंटे के अंदर ही अपना जवाब दे दिया, इसके बाद जिलाधिकारी ने बताया कि अब उनके स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि आगरा में 48 घंटे में 28 मौतें हो गई है यह खतरनाक स्थिति है इस पर जिलाधिकारी ने इसको गलत जानकारी पर आधारित बताते हुए 24 घंटे में खंडन करने का नोटिस जारी किया था। इस पर कांग्रेस महासचिव ने दूसरा ट्वीट जारी कर कहा था कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद 28 लोगों की 48 घंटे में मौत हो गई, उन्होंने दूसरे ट्वीट के माध्यम से सीएम से यह जवाब मांगा था कि आगरा में दिल्ली से अधिक मृत्यु दर है उन्होंने इसका जवाब देने के लिए 48 घंटे का समय दिया था
इधर जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि कांग्रेस महासचिव द्वारा दिए गए बयान से स्थिति साफ हो गई है कि वह अनजाने में 48 घंटे में 28 मौतों की बात कह गई जबकि उनके द्वारा कहा यह जाना था कि भर्ती होने के 48 घंटे बाद 28 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कांग्रेस महासचिव द्वारा खंडन करने के बाद अब वह कोई कार्रवाई नहीं करेंगे वही भारतीय किसान मोर्चा के गोपाल चाहर द्वारा कांग्रेस महासचिव के खिलाफ गलत तथ्यों को प्रस्तुत कर फैलाई गई दहशत को लेकर थाना सदर में दी गई तहरीर पर एसएसपी बबलू कुमार जांच कर रहे हैं।
यह था पूरा मामला
प्रियंका के ट्वीट से मचा था बबाल
प्रियंका ने सोमवार को ट्वीट किया कि आगरा में 48 घंटे में भर्ती हुए 28 काेरोना मरीजों की मृत्यु हो गई। उप्र सरकार के लिए कितनी शर्म की बात है कि इसी मॉडल का झूठा प्रचार करके सच दबाने की कोशिश की गई। सरकार की नो टेस्ट-नो कोरोना पॉलिसी पर सवाल उठे थे, लेकिन सरकार ने उसका कोई जवाब नहीं दिया। अगर उप्र सरकार सच दबाकर कोरोना मामले में इसी तरह लगातार लापरवाही करती रही तो बहुत घातक होने वाला है। इस ट्वीट से उप्र सरकार व जिला प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए थे।
डीएम ने यह दिया था नोटिस
डीएम प्रभु इन सिंह ने ट्वीट किया था कि पिछले 109 दिनों में 1136 केस अौर 79 मृत्यु हुई हैं। पिछले 48 घंटों में भर्ती हुए 28 कोरोना मरीजों की मृत्यु की खबर असत्य है। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा को ईमेल कर नोटिस भेजते हुए 24 घंटे में खंडन करने को कहा था नोटिस में यह भी कहा था कि उनके गलत ट्वीट से वारियर्स,कोरोना फाइटर्स एवं जनसामान्य पर प्रतिकूल प्रभाव एवं भ्रम का वातावरण उत्पन्न हो रहा है
प्रियंका का यह था दूसरा ट्वीट
कोरोना से मृत्यु दर दिल्ली व मुंबई से भी अधिक है। यहां कोरोना से मरीजों की मृत्यु दर 6.8 फीसद है। यहां कोरोना से जान गंवाने वाले 79 मरीजों में से कुल 35 फीसद यानि 28 लोगों की मौत अस्पताल में भर्ती होने के 48 घंटे के अंदर हुई है। आगरा मॉडल का झूठ फैलाकर इन विषम परिस्थितियों में धकेलने के जिम्मेदार कौन हैं? मुख्यमंत्री जी 48 घंटे के भीतर जनता को इसका स्पष्टीकरण दें और कोविड मरीजों की स्थिति और संख्या में की जा रही हेराफेरी पर जवाबदेही बनाएं।