Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़OP Rajbhar s son arvind rajbhar any khela in Ghosi lok sabha election Why is Lilavati Rajbhar being discussed so much

घोसी में ओपी राजभर के बेटे के साथ खेला भी हुआ? क्यों हो रही लीलावती राजभर की इतनी चर्चा

घोसी विधानसभा उपचुनाव की तरह घोसी लोकसभा चुनाव में भी ओपी राजभर का दावा फुस्स हो गया है। अरविंद राजभर डेढ़ लाख से भी ज्यादा वोटों से हार गए हैं। इस बीच लीलावती राजभर खूब चर्चा में हैं।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, घोसीThu, 6 June 2024 01:58 PM
share Share

लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की घोसी सीट से उतरे एनडीए के सहयोगी ओपी राजभर तमाम कोशिशों के बाद भी अपने बेटे अरविंद राजभर को सांसद नहीं बना सके हैं। घोसी विधानसभा उपचुनाव की तरह घोसी लोकसभा चुनाव में भी ओपी राजभर का दावा फुस्स हो गया है। अरविंद राजभर डेढ़ लाख से भी ज्यादा वोटों से हार गए हैं। इस बीच यहां से उतरीं लीलावती राजभर रिजल्ट आने के बाद से चर्चा में हैं। लीलावती को 47 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं। ओपी राजभर के पार्टी के लोगों का दावा है कि यह वोट अरविंद राजभर का ही है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी चुनाव चिह्न की गफलत में लोगों ने अरविंद राजभर की जगह लीलावती राजभर को वोट दे दिया है।

अरविंद राजभर को सपा के राजीव राय ने एक लाख 62 हजार 943 वोटों से हराया है। राजीव राय को 5 लाख 3 हजार 131 और अरविंद राजभर को 3 लाख 40 हजार 188 वोट मिले हैं। चुनाव आयोग का पूरा आंकड़ा सामने आने के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। मूल निवासी समाज पार्टी की प्रत्याशी लीलावती राजभर 47 हजार से ज्यादा वोट पा गई हैं। लीलावती राजभर यहां भाजपा, सुभासपा और बसपा के बाद सबसे ज्यादा वोट पाने वाली प्रत्याशी हैं। इस वोट को अरविंद राजभर का वोट बताया जा रहा है। इसके पीछे का जो बातें कहीं जा रही हैं वह झूठ भी नहीं लगती हैं। 

दरअसल सुभासपा प्रत्याशी अररिंवद राजभर और लीलावती राजभर का चुनाव चिह्न इतना ज्यादा मिलताझुलता था कि कोई भी पहली बार में कन्फ्यूज हो जाएगा। फिर दोनों के नाम के पीछे राजभर भी लगा था। सुभासपा का चुनाव चिह्न तो पहले से ही छड़ी है। लीलावती को संयोग से हॉकी मिल गया था। बैलेट पेपर और ईवीएम पर दोनों चिह्न एक समान ही लग रहे थे। बस अंतर इतना था की छड़ी में आगे का घुमा वाला हिस्सा ऊपर दिखाई दे रहा था और हॉकी में नीचे की ओर था।  सुभासपा नेताओं का कहना है कि हॉकी चुनाव चिह्न् ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे छड़ी को उल्टा कर दिया गया है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। लोग इसे अरविंद राजभर के साथ खेला से जोड़ रहे हैं। हालांकि लीलावती का वोट अरविंद राजभर के साथ जोड़ भी दिया जाए तो वह एक लाख वोटों से सपा प्रत्याशी से पीछे ही रह जाएंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें