खेत की रखवाली करने गए युवक को गोली मारी
Lakhimpur-khiri News - ईसानगर के पलिहा गांव में एक युवक पर जमीन के पुराने विवाद के चलते हमलावरों ने गोली चलाई। घायल त्रिभुवनलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईसानगर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो...

खमरिया/ईसानगर। ईसानगर थाना क्षेत्र के पलिहा गांव के युवक पर हमलावरों ने फायर झोंक दिया। आरोप है कि जमीन के पुराने विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया। गोली लगने से जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईसानगर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित फरार बताए जाते हैं। ईसानगर थाना क्षेत्र के ग्राम पलिहा निवासी रजनीश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई त्रिभुवनलाल घर से अपने प्लाट की रखवाली करने के लिए निकला था। वादी मुकदमा के मुताबिक उसका भाई त्रिभुवन कबिरहा चौराहे के पास पहुंचा तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे प्रेमचंद व अवधनरेश पुत्र हरिद्वार और निलेश पुत्र माधव निवासी सभी ग्राम कबिरहा ने उस पर हमला कर दिया।
रजनीश के अनुसार प्रेमचंद ने तमंचे से त्रिभुवन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर रजनीश अपने परिजनों व पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंचा। हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। घायल त्रिभुवन को अस्पताल ले जाया गया और घटना की सूचना ईसानगर थाने को दी गई। ईसानगर पुलिस ने रजनीश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक राजकुमार सरोज को सौंपी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक ईसानगर देवेंद्र गंगवार ने बताया कि मामला गंभीर है। जांच शुरू कर दी गई है। नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।