पचोखरा में किसान ने खेत पर गोली मारकर की खुदकुशी
Firozabad News - फिरोजाबाद के थाना पचोखरा क्षेत्र में एक किसान ने खेत पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक सर्वेश कुमार उर्फ पप्पू शराब का आदी था। घटना के समय वह खेत की रखवाली कर रहा था। पुलिस ने शव का...

फिरोजाबाद। थाना पचोखरा क्षेत्र में एक किसान ने खेत पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच की। फारेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। गढी निर्भय निवासी 45 वर्षीय सर्वेश कुमार उर्फ पप्पू पुत्र बादाम सिंह खेती करता था। साथ में वह कारखाने में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वह शुक्रवार को एक रिश्तेदार के यहां से दावत खाकर आया था। रात वह खेत की रखवाली करने के लिए चला गया। उसने वहां तमंचे से कनपटी में गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में रह रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना का पता चलते ही परिजन भी खेत पर पहुंच गए। शव को देख वह लोग हैरत में पड़ गए। वह लोग रोने लगे। पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने पहुंचकर घटना की जानकारी की। उन्होंने बताया कि युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस ने वहां से असलाह बरामद कर लिया। पुलिस शव पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल लेकर आई। परिजनों ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। रात को भी वह काफी नशे में था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।