यूपी के युवक ने खरीदी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की संपत्ति, मुंबई पुलिस नहीं दिला पाई कब्जा
- अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की संपत्ति को खरीदने वाला फिरोजाबाद का युवक मालिकाना हक पाने में तो सफल हो गया लेकिन उसको संपत्ति पर कब्जा पाने के लिए भटकना पड़ रहा है। मुंबई पुलिस उसको कब्जा दिलाने में अपनी दिलचस्पी नहीं दिखा रही।

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की संपत्ति को खरीदने वाला फिरोजाबाद का युवक मालिकाना हक पाने में तो सफल हो गया लेकिन उसको संपत्ति पर कब्जा पाने के लिए भटकना पड़ रहा है। मुंबई पुलिस उसको कब्जा दिलाने में अपनी दिलचस्पी नहीं दिखा रही और कोर्ट के आदेश, पीएम आफिस के पत्र की बात कहकर टाल रही है। दो दिनों तक मुंबई में भटकने के बाद युवक फिरोजाबाद लौट आया है। अब दोबारा मुंबई जाकर संपत्ति पर कब्जे के लिए मुंबई पुलिस और कोर्ट से गुहार लगाएगा।
फिरोजाबाद के थाना उत्तर के लहरी कंपाउंड निवासी हेमंत जैन ने 20 सितम्बर 2001 में मुंबई बम धमाकों के मास्टर माइंड दाऊद की संपत्ति को खरीदा था। जयराज भाई स्ट्रीट मुंबई में स्थित 144 वर्गफुट की दुकान को दो लाख रुपये में खरीदा था। इस संपत्ति को जब मुंबई में कोई लेने वाला नहीं था तब फिरोजाबाद के युवक ने इसको नीलामी से खरीद लिया था। हेमंत ने इस जमीन पर मालिकाना हक पाने के लिए 24 साल तक मुंबई पुलिस और आयकर विभाग, कोर्ट के चक्कर काटे तब जाकर उनको 19 दिसम्बर को मालिकाना हक मिल पाया था। अब इस जमीन की कीमत भी सरकारी तौर पर दो लाख से बढ़कर 23 लाख रुपये हो गई है।
दाऊद इब्राहिम की इस दो लाख की संपत्ति के लिए लंबी लड़ाई लड़ने के बाद मालिकाना हक तो पा लिया लेकिन मुंबई पुलिस इस पर कब्जा दिलाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही। 15 जनवरी को मुंबई पहुंचे हेमंत जैन ने कोर्ट के आदेशों का हवाला देकर नाकपाड़ा थाना पहुंचकर अपने मालिकाना हक वाली संपत्ति पर कब्जा दिलाने के लिए कहा। नाकपाड़ा पुलिस ने हेमंत को लौटाते हुए कहा कि उनके पास कोई आदेश अभी तक नहीं आया है। इसके बाद 16 जनवरी को फिर नाकपाड़ा पुलिस के पास पहुंचे तो पुलिस ने कहा कि पत्र तो उनको मिल गया है लेकिन पुलिस ने कहा कि अब उनको कोर्ट का कब्जा दिलाने का पत्र चाहिए।
पुलिस कमिश्नर तक के लगाए चक्कर
15 और 16 जनवरी को मुंबई के पुलिस मुख्यालय जोन-3 के पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचकर भी नाकपाड़ा पुलिस द्वारा दाऊद इब्राहिम की खरीदी गई संपत्ति पर कब्जा नहीं दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र लगाया लेकिन पुलिस कमिश्नर के नहीं मिलने से कोई सुनवाई नहीं हो सकी। नाकपाड़ा पुलिस के पास भी पहुंचे तो उनको लौटा दिया।
भारत सरकार और राज्य सरकार में तालमेल नहीं
हेमंत जैन कहते हैं कि भारत सरकार और मुंबई की सरकार के बीच कोई तालमेल नहीं है। दाऊद का खौफ अभी भी पुलिस के अंदर साफ दिखाई देता है। उसके गुर्गे नहीं चाहते कि जिस संपत्ति पर उनको मालिकाना हक मिल गया है उस पर कब्जा मिल जाए।
प्रापर्टी देखी, अब दोबारा जाएंगे कब्जा लेने
हेमंत ने कहा कि वह इसी सप्ताह दोबारा मुंबई जाएंगे और अपनी संपत्ति वाली दुकान पर कब्जा के लिए लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि 24 साल में मालिकाना हक मिला और अब कब्जा पाने के लिए कितना लड़ना पड़ेगा समय बताएगा लेकिन वह हार नहीं मानेंगे और जल्द से जल्द इस संपत्ति पर कब्जा लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार वह अपनी संपत्ति वाली दुकान को देखकर आए हैं।