Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़crowd records broken in mahakumbh number of people taking dip in sangam crossed 62 crores

महाकुंभ में टूटे भीड़ के रिकॉर्ड, संगम में डुबकी लगाने वालों की 62 करोड़ पार

  • रविवार तक कुल 62.06 करोड़ आस्थावान स्नान कर चुके थे। श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को लगातार नौवें दिन एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में डुबकी लगाकर धन्य हो गए। रविवार को रात आठ बजे तक 1.32 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया।

Ajay Singh हिन्दुस्तान, मुख्‍य संवाददाता, महाकुंभ नगरMon, 24 Feb 2025 08:56 AM
share Share
Follow Us on
महाकुंभ में टूटे भीड़ के रिकॉर्ड, संगम में डुबकी लगाने वालों की 62 करोड़ पार

सनातन धर्म के इतिहास में सर्वाधिक श्रद्धालुओं को आकर्षित करने वाले महाकुम्भ में आस्था का सैलाब रुकने का नाम नहीं ले रहा। रविवार को लगातार नौवें दिन एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में डुबकी लगाकर धन्य हो गए। रविवार को रात आठ बजे तक 1.32 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इसमें शनिवार तक स्नान करने वाले 60.74 करोड़ श्रद्धालुओं को जोड़ लिया जाए तो रविवार तक कुल 62.06 करोड़ आस्थावान स्नान कर चुके थे। संगम स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

ऐसा पहली बार हो रहा है कि माघी पूर्णिमा बीतने के 11 दिन बाद इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला बना हुआ है। 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा के स्नान पर्व पर 2.06 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई थी। उसके बाद 13 फरवरी को 85.46 लाख और 14 फरवरी को 96.98 लाख लोगों ने डुबकी लगाई थी। उसके बाद 15 फरवरी से श्रद्धालुओं के आने की रफ्तार बढ़ी तो रविवार तक तांता लगा हुआ है।

रविवार को भी पूरे दिन संगम क्षेत्र के काली मार्ग और गंगा पथ तो झूंसी जीटी रोड पर श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है, लेकिन संगम में स्नान का उत्साह ऐसा है कि किसी के चेहरे पर शिकन तक नहीं पड़ रही। रविवार को सुबह आठ बजे तक 31.70 लाख, दस बजे तक 51.73 लाख, 12 बजे तक 70.92 लाख, दो बजे तक 87.73 लाख, चार बजे तक 1.03 करोड़ व छह बजे तक 1.18 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके थे।

विश्व के आधे से अधिक सनातनी त्रिवेणी में लगा चुके डुबकी योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महाकुम्भ नगर में पहुंचकर साधु-संतों से भेंट की। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ में अब तक विश्व के आधे से अधिक सनातन धर्मावलंबी स्नान कर चुके हैं, जो सनातन संस्कृति की अद्वितीय आस्था और शक्ति को दर्शाता है। दोपहर बाद आगरा से प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री सबसे पहले विष्णुस्वामी संप्रदाय की सतुआ बाबा पीठ गए जहां उन्होंने महामंडलेश्वर संतोषाचार्य ‘सतुआ बाबा’ से भेंट की।

स्नानार्थियों की संख्या

15 फरवरी 1.36 करोड़

16 फरवरी 1.49 करोड़

17 फरवरी 1.35 करोड़

18 फरवरी 1.26 करोड़

19 फरवरी 1.19 करोड़

20 फरवरी 1.28 करोड़

21 फरवरी 1.28 करोड़

22 फरवरी 1.43 करोड़

23 फरवरी 1.32 करोड़

अगला लेखऐप पर पढ़ें