राजस्थान को गर्मी से राहत! 2-7 डिग्री लुढ़का पारा; कहां-कब बन रहे बारिश के आसार?
- पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 2 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है। इसके साथ ही सूखे का दौर बीतने वाला है। मौसम विभाग ने कब और कहां बारिश की संभावना जताई है।

राजस्थान इन दिनों मौसम के उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रहा है। यहां बीते रोज पारा 40 पार हो चुका था। मगर अब अचानक तापमान में गिरावट देखने को मिली है। पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 2 से 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है। इसके साथ ही सूखे का दौर बीतने वाला है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाली 31 मार्च से 3 अप्रैल तक बारिश हो सकती है। जानिए मौसम के ताजा अपडेट।
पारा में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस की हुई गिरावट
बीते 24 घंटों में राजस्थान में सर्वाधिक तापमान भीलवाड़ा में 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान की बात करें तो हनुमानगढ़ संगरिया में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री, न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इस तरह अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।
यहां बारिश के आसार, जानिए लोकेशन और डेट
राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में 31 मार्च से 3 अप्रैल को बादल छाए रहने व उदयपुर-कोटा संभाग में 2 से 3 अप्रैल को कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। बाकी हिस्सों में 29 मार्च से 4 अप्रैल तक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। यहां मौसम के शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है।
अप्रैल में चढ़ेगा पारा, जानिए कितना जाएगा तापमान
मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले 24 घंटों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। इसके बाद 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अप्रैल को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में तापमान 40 डिग्री व 5 और 6 अप्रैल को 42 डिग्री से ऊपर जाने की ज्यादा संभावना जताई गई है।