Notification Icon
Hindi Newsपंजाब न्यूज़no reshuffle in the Punjab cabinet CM Bhagwant Mann met Kejriwal in Tihar Jail

पंजाब कैबिनेट में नहीं होगा फेरबदल, केजरीवाल से तिहाड़ जेल में मिले सीएम भगवंत मान

जेल में मीटिंग के दौरान संगठन महासचिव संदीप पाठक और सुनीता केजरीवाल भी मौजूद रहीं। पार्टी का कहना है कि पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में किसी का कोई फेरबदल नहीं होने जा रहा है।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 12 June 2024 04:44 PM
share Share

आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल से बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मुलाकात की। सीएम केजरीवाल से मुलाकात के दौरान पंजाब के सीएम ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की। 4 जून को आए लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद भगवंत मान और केजरीवाल के बीच यह पहली मुलाकात थी। वहीं, पंजाब मंत्रिमंडल में विस्तार की अटकलों पर विराम लग गया है। अभी मंत्रिमंडल में कोई फेरबदल नहीं होगा। मान-केजरीवाल की मीटिंग करीब बीस मिनट तक चली। जेल में मीटिंग के दौरान संगठन महासचिव संदीप पाठक और सुनीता केजरीवाल भी मौजूद रहीं। पार्टी का कहना है कि पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में किसी का कोई फेरबदल नहीं होने जा रहा है। आम आदमी पार्टी के महासचिव हरचंद सिंह बरसट ने यह जानकारी दी है।

मान हलका वाइज कर रहे हैं मीटिंग

मुख्यमंत्री भगवंत लोकसभा हलका वाइज विधायकों, नेताओं व उम्मीदवारों से मीटिंग कर लोकसभा चुनावों में हारने के कारणों पर मंथन कर चुके हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पाठक ने भी विधायकों से मीटिंग की है। संदीप पाठक की अगुवाई में मीटिंग मोहाली में हुई थी। इस बैठक में गुरप्रीत सिंह बनावाली, देविंदर सिंह लाडी धोस, हरमीत सिंह पठानमाजरा, अशोक पराशर पप्पी, दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, वीरेंद्र गोयल और रवजोत सिंह शामिल थे। यहां अमृतसर सेंट्रल के विधायक अजय गुप्ता भी थे। उन्होंने पहले नशे जैसे मुद्दे पर अपनी सरकार पर सवाल उठाए थे। हालांकि बाद में पीछे हट गए थे। इसमें हर मुद्दे पर मंथन हुआ। साथ ही भविष्य को लेकर रणनीति तैयार की गई।

मंत्रिमंडल में कुल 17 मंत्री बनाए जा सकते हैं

पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में कुल 17 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इस समय मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा 15 मंत्री हैं। इनमें हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, बलजीत कौर, गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलदीप सिंह धालीवाल, डॉ बलबीर सिंह, ब्रह्म शंकर जिंपा, लाल चंद कटारूचक्क, लालजीत सिंह भुल्लर, हरजोत सिंह बैंस, हरभन सिंह ईटीओ, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, अनमोल गगन मान, बलकार सिंह और गुरमीत सिंह खुडि्डयां शामिल हैं। गुरमीत सिंह मीत हेयर के सांसद बनने के बाद एक मंत्री पद खाली हो गया है। 

महज तीन सीटें जीतने में कामयाब रही आप

2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने पंजाब की 13 सीटों में से सात पर जीत हासिल की है. चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्षी भाजपा और शिरोमणि अकाली दल को करारा झटका लगा है। आप को चुनाव में केवल तीन सीटों होशियारपुर, आनंदपुर साहिब और संगरूर पर ही जीत मिली है। आम चुनावों में आप ने 26.02 प्रतिशत वोट शेयर दर्ज किया, जो 2019 के संसदीय चुनावों में 7.38 प्रतिशत था। पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था।

रिपोर्ट: मोनी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें