दिल्ली में इस बार आधी आबादी ने BJP पर जताया अधिक भरोसा, इन सीटों पर मतदान में रहीं आगे
दिल्ली चुनाव 2025 में महिलाओं के सबसे ज्यादा मतदान वाली 40 सीटों में से 29 पर भाजपा विजयी रही, जबकि आम आदमी पार्टी ने इनमें से महज 11 सीटें जीती हैं।

दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सहूलियत देने वाली आम आदमी पार्टी से इस चुनाव में महिलाओं का भी मोह भंग हो गया। दिल्ली की जिन 40 विधानसभा सीटों पर पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने मतदान किया, इनमें से भी 72.5 फीसदी सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी है। महिलाओं के सबसे ज्यादा मतदान वाली 40 सीटों में से 29 पर भाजपा विजयी रही, जबकि आम आदमी पार्टी ने इनमें से महज 11 सीटें जीती हैं।
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर कुल मतदान में तो महिलाएं बराबर की भूमिका निभाती हैं, लेकिन अलग-अलग सीटों के मतदान के आंकड़े देखें तो 57 फीसदी सीटों पर महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से ज्यादा रहा है। 2020 के चुनाव में भी 30 से ज्यादा सीटों पर महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा रही थी। इसी वजह से इस बार तीनों दलों ने महिलाओं के लिए कई लाभकारी योजनाओं की घोषणा की थी।
मतदान बढ़ा, महिला विधायकों की संख्या घटी : दिल्ली विधानसभा चुनावों में महिलाओं का मतदान बढ़ा है, लेकिन महिला विधायकों की संख्या घट गई है। वर्ष 2020 में हुए विधानसभा चुनावों में 8 महिला विधायक चुनी गई थीं। इस बार चुनावों में 40 सीटों पर महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों से ज्यादा रहा, लेकिन विधायक 5 ही जीत पाईं। चुनाव में भाजपा ने 8, आप और कांग्रेस ने 9-9 महिलाओं को टिकट दिया था। भाजपा से रेखा गुप्ता, शिखा राय, पूनम शर्मा, नीलम पहलवान ने जीत हासिल की। आम आदमी पार्टी से केवल आतिशी ही चुनाव जीत पाई हैं।
अब वादों को पूरा करने की बारी
दिल्ली की महिला मतदाताओं ने चुनावी घोषणाओं पर भरोसा करके भाजपा को न सिर्फ वोट दिया, बल्कि सत्ता तक पहुंचने में भी मदद की, लेकिन अब इन वादों को पूरा करने की बारी भाजपा की है। भाजपा ने फ्री पानी, फ्री बिजली और फ्री बस यात्रा के साथ-साथ 2500 रुपये प्रतिमाह देने और सस्ता गैस सिलिंडर देने की शुरूआत की तो महिलाओं के लिए घर चलाना आसान हो जाएगा। वहीं, मार्च में होली पर अन्य योजनाओं की भी शुरुआत की जा सकती है।
देहात, आरक्षित सीटों पर भी आगे
दिल्ली देहात, वीआईपी व आरक्षित वर्ग की सीटों पर भी महिलाएं मतदान में आगे रही हैं। दिल्ली देहात की बादली विधानसभा पर 62.30 फीसदी पुरुष तो 63.92 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया। बवाना 60.29, मुंडका में 60.96 फीसदी, मटियाला पर 61.39 फीसदी, बिजवासन में 61.58 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया। पालम, महरौली, छत्तरपुर, नरेला, नांगलोई जाट सीटों पर भी महिलाएं मतदान में आगे रहीं।