Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़नई दिल्लीRahul Gandhi Faces Controversy Opposition Protests Against BJP and Shiv Sena Remarks

राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

नई दिल्ली में राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा और शिवसेना नेताओं की विवादित टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस नेताओं ने ऐसे बयान...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 18 Sep 2024 02:06 PM
share Share

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भाजपा और शिवसेना नेताओं की विवादित टिप्पणियों को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं सहित यूथ कांग्रेस और पार्टी के छात्र संगठन एनएसयूआई ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव समेत कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय तक जाने का प्रयास किया पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने पार्टी के कुछ नेताओं को हिरासत में लिया और बाद में छोड़ दिया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुतले फूंके। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया।

देवेंद्र यादव ने कहा, राहुल गांधी के खिलाफ विवादित टिप्पणियों को लेकर मैं भाजपा नेताओं की मानसिकता की निंदा करता हूं। उन्होंने कहा, हम भी इसी भाषा में जवाब दे सकते हैं पर यह कांग्रेस की परंपरा, विचारधारा और परवरिश नहीं है। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वालों के खिलाफ गृह मंत्रालय को कार्यवाही करनी चाहिए।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा, भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दी है। हम सब जानते हैं कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए शहादत दी है। उन्होंने कहा, भारत में राजनीति इससे ज्यादा निचले स्तर पर नहीं गिर सकती। राहुल गांधी एससी, एसटी, ओबीसी, आदिवासी और अल्पसंख्यक लोगों की बात करते हैं। इसलिए भाजपा के लोगों को उनकी बात पसंद नहीं आ रही है।

लोकतंत्र का अपमान

एनसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा, राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणियां नफरत भरी विचारधारा को उजागर करती है। यह चिंताजनक है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को सुना नहीं जा रहा बल्कि गिरफ्तार किया जा रहा है। राहुल गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणियां न केवल उनका बल्कि लोकतंत्र का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तुरंत कदम उठाकर ऐसे मंत्रियों को अपने मंत्रिमंडल से और नेताओं को पार्टी से निकालना चाहिए, जो नफरत और विभाजन फैलाते हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें