Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़फरीदाबादMonsoon Flooding Crisis in Faridabad Lack of Solutions Persist

बरसात में पानी निकासी की योजना फाइलों से बाहर नहीं आ पा रही

फरीदाबाद में बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है। नगर निगम और एफएमडीए योजनाएं बनाते हैं, लेकिन जलभराव का पुख्ता समाधान नहीं हो पा रहा है। कई क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही में परेशानी...

Newswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबादWed, 18 Sep 2024 05:49 PM
share Share

फरीदाबाद। बरसात के मौसम में जलभराव होने पर नगर निगम और एफएमडीए अगले वर्ष के लिए योजना बनाते हैं लेकिन, बारिश के मौसम दोबारा आने पर भी जलभराव की समस्या ज्यों की त्यों खड़ी रहती है। जलभराव रेलवे के अंडरपासों में हो या शहर के रिहायशी इलाकों में। अभी तक जलभराव से निपटने का पुख्ता प्लान तैयार नहीं हो सका है। जलभराव से निपटने की योजना फाइलों से बाहर नहीं आ पा रही हैं। जलभराव से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका पैदा हो जाती है। बरसात के मौसम में शहर में चाहे सेक्टर एरिया हो या कॉलोनी। सभी जगह एक जैसे हालात बन जाते हैं। जबकि सेक्टर तो सुनयोजित तरीके से बसाए जाते हैं। फिर भी शहर के सेक्टरों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। शहर में सेक्टर-सात, आठ, नौ, सेक्टर-15ए,16 और 19 में आधे-पौने घंटे की बरसात में सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। इनमें सेक्टर-सात, आठ और नौ में सबसे ज्यादा पानी भरता है। इसी तरह जवाहर कॉलोनी इलाके में वायुसेना स्टेशन मार्ग पर शहर में सबसे ज्यादा जलभराव होता है। इसके अलावा भी शहर के अलग-अलग इलाकों में जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। जलभराव होने पर लोगों के आक्रोश के बाद अधिकारी और जनप्रतिनिधि बरसात के मौसम के बाद पानी निकासी के लिए पुख्ता इंतजाम करने के दावे करते हैं। लेकिन, बरसात का मौसम खत्म होने के बाद अधिकारी पानी निकासी के लिए कम बजट खर्च करते हैं। इस वजह से पानी निकासी की समस्या का पुख्ता इंतजाम नहीं हो पाता है। दिल्ली-आगरा हाईवे पर भी पानी निकासी के लिए पाइप लाइन डाली गई थी। लेकिन, गुडईयर मोड़ के पास अभी भी समस्या बनी हुई है। यहां बारिश होते ही जलभराव हो जाता है। दोपहिया वाहन तो इसमें बंद हो जाते हैं।

वर्षों से अंडरपासों के जलभराव का नहीं हुआ इंतजाम:

ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास, मेवला महाराजपुर और एनएचपीसी-ग्रीनफील्ड अंडरपास पर बारिश होते ही जलभराव हो जाता है। हर बरसात के मौसम में इन अंडरपास के जलभराव का मुद्दा उठता है। लेकिन, अभी तक इनमें पानी निकासी का इंतजाम नहीं हो सका है। सेक्टर-सात निवासी आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान सीएल जैन ने बताया कि सेक्टर-सात में 12 घंटे बीतने पर भी पानी की निकासी नहीं होती है। यहां के लोग वर्षों से पानी निकासी के लिए मांग करते आ रहे हैं। लेकिन, अभी तक कुछ समाधान नहीं हुआ है। सेक्टर-आठ निवासी आरती शर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में सेक्टर-आठ में बारिश का पानी घंटों तक सड़कों पर जमा रहता है। सेक्टर-आठ मार्केट के पास से तो निकलना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम प्रशासन यहां पानी निकासी के लिए कोई कदम ही नहीं उठा पा रहा है। हर वर्ष सेक्टर के लोग जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवाते हैं। लेकिन, यहां जलभराव का कुछ समाधान नहीं होता है। डबुआ कॉलोनी निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि एयरफोर्स रोड पर वर्षों से जलभराव हो रहा है। लेकिन, अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। बारिश होते ही यहां वाहन सड़क पर जमा पानी में फंस जाते हैं। यहां का बाजार भी बंद हो जाता है। यहां के लाखों लोग इस समस्या को वर्षों से झेल रहे हैं। नगर निगम प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है।

नगर निगम प्रशासन ने जलभराव से निपटने के लिए लगातार काम कर रहा है। सीवर लाइन की कई योजनाओं पर काम चल रहा है। अंडरपासों पर पंप और जेनरेटर की क्षमता बढ़ाई गई है।

- बीएस कर्दम, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें