Hindi NewsएनसीआरDelhi Chunav 2025 Voting Highlights: दिल्ली चुनाव के लिए वोटिंग खत्म, ज्यादातर एग्जिट पोल्स में BJP को बहुमत का अनुमान

Delhi Chunav 2025 Voting Highlights: दिल्ली चुनाव के लिए वोटिंग खत्म, ज्यादातर एग्जिट पोल्स में BJP को बहुमत का अनुमान

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Voting LIVE : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग लगातार जारी है। दोपहर 1 बजे तक 33% से अधिक वोटिंग हो चुकी है और कई पोलिंग बूथों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

Delhi Chunav 2025 Voting Highlights: दिल्ली चुनाव के लिए वोटिंग खत्म, ज्यादातर एग्जिट पोल्स में BJP को बहुमत का अनुमान

New Delhi, Feb 05 (ANI): Voters wait in a queue to cast their vote for the Delhi Assembly election, at a polling station, Kalkaji in New Delhi on Wednesday. (ANI Photo/Sanjay Sharma)

Praveen Sharma| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली | Wed, 05 Feb 2025 10:32 PM
हमें फॉलो करें

Delhi Election 2025 Voting (Delhi Vidhan Sabha Chuanbv 2025 LIVE) : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग लगातार जारी है। दोपहर 1 बजे तक 33% से अधिक वोटिंग हो चुकी है और कई पोलिंग बूथों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। दिल्ली में शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। दिल्ली चुनाव में इस बार सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के अलावा भाजपा और कांग्रेस समेत 29 दल हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही कुल 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 96 महिलाएं शामिल हैं। वोटिंग को लेकर चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। कुल 2696 स्थानों पर 13 हजार 766 पोलिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां दिव्यांगों और महिलाओं के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली के चीफ इलेक्शन ऑफिसर के अनुसार, सभी 13,766 मतदान केंद्रों पर 1.56 करोड़ वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर वोटर हैं। चुनाव आयोग ने दिव्यांगों के लिए 733 पोलिंग सेंटर निर्धारित किए गए हैं। आयोग ने कतार व्यवस्था प्रणाली (क्यूएमएस) ऐप भी पेश किया है, जिससे वोटर मतदान केंद्रों पर भीड़ के बारे में जानकारी ले सकते हैं। चुनाव की तैयारी के लिए आयोग ने अर्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, 19,000 होमगार्ड और 35,626 दिल्ली पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। इसके अतिरिक्त, 21,500 से अधिक ईवीएम और वीवीपैट तैयार किए गए हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के रिजल्ट 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। पढ़िए पल-पल के अपडेट

5 Feb 2025, 07:57:44 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : चाणक्य ने भी दिया भाजपा को बहुमत

Delhi Chunav 2025 Voting Live : चाणक्य स्ट्रेटजीज ने भी भाजपा की सरकार बनने का अनुमान लगाया है। इस एजेंसी ने भाजपा को 39-44 सीटें, AAP को 25-28 सीटें और कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।

5 Feb 2025, 07:55:47 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : JVC पोल्स ने भी लगाया भाजपा को बहुमत का अंदाजा

Delhi Chunav 2025 Voting Live : JVC पोल्स ने भी अपने एग्जिट पोल में BJP गठबंधन को 39-45 सीटें देते हुए पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है, जबकि AAP को उसने 22-32 सीटें दी हैं। कांग्रेस को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है।

5 Feb 2025, 07:04:34 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : पीपुल्स पल्स का भाजपा को तीन चौथाई बहुमत मिलने का अनुमान

Delhi Chunav 2025 Voting Live : पीपुल्स पल्स ने भी भाजपा को तीन चौथाई से ज्यादा बहुमत मिलने का अनुमान लगाया है। इस सर्वे एजेंसी ने अपने एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 51-60 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है, जबकि AAP को 10-19 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है। इस एजेंसी ने कांग्रेस को एक भी सीट मिलने की उम्मीद नहीं जताई है।

5 Feb 2025, 06:59:47 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : पीपुल्स इनसाइट ने भी दी भाजपा को गुड न्यूज

Delhi Chunav 2025 Voting Live : पीपुल्स इनसाइट ने भी भाजपा की सरकार बनने का अनुमान लगाया है। इस एजेंसी ने भाजपा को 40-44 सीटें दी हैं, वहीं AAP को 25-29 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। जबकि कांग्रेस को 0-2 सीटें दी हैं।

5 Feb 2025, 06:55:11 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : पी-मार्क ने भाजपा को बहुमत की संभावना जताई

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सर्वे एजेंसी पी-मार्क ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जताया है। एजेंसी ने AAP को 21-31 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, वहीं भाजपा को 39-49 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है। जबकि कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई है।

5 Feb 2025, 06:49:31 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : मैट्राइज ने लगाया कांटे की टक्कर का अनुमान

Delhi Chunav 2025 Voting Live : मैट्राइज के एग्जिट पोल में दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से AAP को 32-37 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है, जबकि BJP गठबंधन को 35-40 मिलने की उम्मीद लगाई है। वहीं, कांग्रेस को 0-1 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।

5 Feb 2025, 06:36:28 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : जो हारता है, वो दूसरों को दोष देता है: देवेंद्र यादव

Delhi Chunav 2025 Voting Live : केजरीवाल द्वारा EVM पर सवाल उठाए जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, 'जो हारता है वो हमेशा दूसरों को दोष देता है और ये आम आदमी पार्टी की पुरानी आदत है। जब भी कुछ उनके हिसाब से नहीं होता है तो वो दूसरों को दोष देते हैं। आज जिस तरह से लोग कांग्रेस के पक्ष में उतरे हैं, उससे आम आदमी पार्टी कहीं न कहीं परेशान है।'

5 Feb 2025, 06:32:31 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : ..तो मैं SC का दरवाजा खटखटाऊंगा: सौरभ भारद्वाज

Delhi Chunav 2025 Voting Live : ग्रेटर कैलाश विधानसभा से AAP उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने कहा 'मैंने दोनों वीडियो 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए पुलिस कमिश्नर और चुनाव आयोग को टैग किया है। एक वीडियो सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर 1, ईस्ट ऑफ कैलाश का है। क्या DCP और SHO को निलंबित नहीं किया जाना चाहिए? वे चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अगर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो मैं सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाऊंगा।'

5 Feb 2025, 05:49:08 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : 65% से अधिक मतदान होने की उम्मीद: सचदेवा

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि दिल्ली के लोग मतदान का रिकॉर्ड तोड़ेंगे। 65 प्रतिशत से ज्यादा मतदान होना चाहिए और मैं दिल्ली के लोगों से बेहतर दिल्ली और डबल इंजन सरकार के लिए भारी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं।'

5 Feb 2025, 05:37:43 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : शाम 5 बजे तक 57.78% से ज्यादा मतदान

Delhi Chunav 2025 Voting Live : चुनाव आयोग के अनुसार दिल्ली में जारी विधानसभा चुनाव के दौरान शाम 5 बजे तक 57.78% से अधिक मतदान हो चुका है, और अब भी कई बूथों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।

5 Feb 2025, 05:01:48 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सीलमपुर में 80% से ज्यादा होगा मतदान: कांग्रेस प्रत्याशी

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सीलमपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल रहमान ने कहा, ‘लोग सरकार के खिलाफ वोट कर रहे हैं। 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका है, यह संभवतः 80 प्रतिशत को पार कर जाएगा।’

5 Feb 2025, 04:42:30 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : केजरीवाल फर्जीवाड़ा कर रहे; भाजपा प्रत्याशी

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनिल गौड़ ने इलाके में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए कहा, 'ये 300-400 फर्जी मतदाता उत्तर प्रदेश के लोनी से लाए गए हैं, मुझे ऐसा लगता है कि ये बांग्लादेशी हैं, इनमें पुरुष और महिलाएं दोनों हैं। हमने ऐसे 25 लोगों को पकड़ा है, यहां फर्जी मतदान हो रहा है। जिसे हमने रोका है, केजरीवाल फर्जीवाड़ा कर रहे हैं।'

5 Feb 2025, 04:16:53 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सीलमपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र में कथित फर्जी मतदान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले स्थानीय भाजपा उम्मीदवार ने AAP और कांग्रेस प्रत्याशियों पर फर्जी मतदान के लिए यूपी के लोनी से 300-400 फर्जी वोटर्स लाने का आरोप लगाया था।

5 Feb 2025, 03:48:55 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली में 3 बजे तक 46.55% मतदान

Delhi Chunav 2025 Voting Live : चुनाव आयोग के अनुसार दिल्ली विधानसभा चुनाव में दोपहर 3 बजे तक कुल 46.55% मतदान हुआ है।

5 Feb 2025, 03:47:50 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली में डबल इंजन की सरकार आ रही है: केंद्रीय मंत्री शेखावत

Delhi Chunav 2025 Voting Live : केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, 'दिल्ली में 10 साल की अमावस की रात समाप्त होने वाली है। आज उसका आखिरी दिन है। मैं पूरी जिम्मेदारी से कह रहा हूं, जैसा मैंने हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव से पहले भी कहा था कि भाजपा दिल्ली में प्रचंड बहुमत की सरकार बन रही है। भाजपा आ रही है, डबल इंजन की सरकार आ रही है और आम आदमी पार्टी जा रही है।'

5 Feb 2025, 03:04:29 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर चुनाव से प्रेरित : सीपीआई सांसद पी. संदोष कुमार

Delhi Chunav 2025 Voting Live : ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर पर सीपीआई सांसद पी. संदोष कुमार ने कहा, "यह एफआईआर चुनाव से प्रेरित है। हालांकि, अरविंद केजरीवाल का बयान सीमा लांघने वाला था। इस मुद्दे पर उनका बयान टाला जा सकता था। यह विशेष एफआईआर राजनीतिक मकसद से दर्ज की गई है। चूंकि दिल्ली में मतदान है, इसलिए भाजपा इस एफआईआर को भुनाने की कोशिश कर रही है।"

5 Feb 2025, 02:56:19 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : वोटिंग लोकतांत्रिक अधिकार के साथ देश के नागरिकों की नैतिक जिम्मेदारी भी है : अनिल चौहान

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली चुनाव में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने आज कुशाक लेन स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि मतदान करना न केवल लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग है, बल्कि देश के नागरिकों की नैतिक जिम्मेदारी भी है। मैं नागरिकों से अनुरोध करूंगा कि वे आगे आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

5 Feb 2025, 02:52:37 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली पुलिस ने कहा- सीलमपुर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सीलमपुर में हुए हंगामे पर दिल्ली पुलिस ने कहा, "सुबह करीब 11:50 बजे आर्यन पब्लिक स्कूल, जाफराबाद के मतदान केंद्र पर सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ने आप उम्मीदवार के खिलाफ फर्जी मतदान का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। तत्काल ही अतिरिक्त स्टाफ के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को सुलझाया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।"

5 Feb 2025, 02:41:01 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर मतदाताओं को पैसे बांटने का आरोप लगाया

Delhi Chunav 2025 Voting Live : जंगपुरा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाताओं में पैसे बांटने का आरोप लगाया है। 'आप' ने अपने 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर कर लिखा, ''जंगपुरा विधानसभा में नियमों के खिलाफ जाकर पुलिस की देखरेख में भाजपा ने बूथ पर एक्स्ट्रा टेबल लगाई हुई थी। इसी बूथ के पीछे घर में पैसे बांटे जा रहे थे। मनीष सिसोदिया और 'आप' कार्यकर्ताओं के भारी विरोध पर बूथ से टेबल तो हटवाई गई, लेकिन चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस ने घर में पैसे बांटने के मामले में कोई एक्शन नहीं लिया।''

5 Feb 2025, 02:31:41 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : आप ने दिल्ली को दिया धोखा: रामदास अठावले

Delhi Chunav 2025 Voting Live : केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, 'दिल्ली में मतदान जारी है। मतदान प्रतिशत और बढ़ेगा। लोग आप और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हैं। उन्होंने लोगों को धोखा दिया है, इसलिए आप को हटाना होगा और भाजपा को सत्ता में आना होगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हमें पूरा भरोसा है कि दिल्ली में भाजपा जीतेगी।'

5 Feb 2025, 02:26:39 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : रिलीवर को अंदर नहीं जाने दे रहे सुरक्षाकर्मी: राघव चड्ढा

Delhi Chunav 2025 Voting Live : आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा, 'रिलीवर और पोलिंग एजेंट दोनों को पोलिंग एजेंट का दर्जा दिया जाता है। लगभग आधे बूथों पर ये शिकायत आ रही है कि रिलीवर को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। मतदान केंद्र के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी हमारे रिलीवर को अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। अगर रिलीवर अंदर नहीं गया और हमारा पोलिंग एजेंट बाहर नहीं आया तो कितनी वोटिंग हुई?'

5 Feb 2025, 02:02:44 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : वाल्मीकि नेता की हिरासत पर संजय सिंह ने की भाजपा की आलोचना

Delhi Chunav 2025 Voting Live : ‘आप’ सांसद संजय सिंह ने कहा, "वाल्मीकि समुदाय के पूर्व चौपाल प्रमुख उदय गिल, जो अपने समुदाय में इतनी अच्छी प्रतिष्ठा रखते हैं और वर्षों से उनके लिए काम कर रहे हैं, उन्हें बिना किसी कारण के सुबह 8:30 बजे से पुलिस स्टेशन में रखा गया है। कोई भी हमें इसका कारण बताने के लिए तैयार नहीं है। मैं दिल्ली के वाल्मीकि समुदाय के लोगों से अपील करता हूं कि इस 'गुंडागर्दी' के खिलाफ, इस अत्याचार के खिलाफ वोट करें। अपने वोट की ताकत से इसका जवाब दें। मैंने चुनाव पर्यवेक्षक, डीसीपी और एसएचओ से बात की है, लेकिन उदय गिल को अभी तक रिहा नहीं किया गया है, वह अभी भी पुलिस स्टेशन में हैं। मेरे वकील यहां होंगे...आज नॉर्थ एवेन्यू एन ब्लॉक में 2000-3000 रुपये बांटे गए और लोगों की उंगलियों पर स्याही लगाई गई। जब मैं वहां पहुंचा तो वे हरियाणा की रजिस्ट्रेशन प्लेट वाली गाड़ी में भाग गए। क्या यह एक चुनाव आयोग की नाक के नीचे हो रहा है? मजाक?...हम पर झूठे मामले लगाए जा रहे हैं।"

5 Feb 2025, 01:59:31 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सीलमपुर में किसी और के नाम पर वोट डालने को लेकर हंगामा

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सीलमपुर की बूथ लेवल ऑफिसर गायत्री ने बताया कि आर्यन पब्लिक स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर एक व्यक्ति द्वारा किसी और के नाम पर वोट डालने के बाद हंगामा हुआ। वहीं आर्यन पब्लिक स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर एक मतदाता द्वारा फर्जी मतदान का आरोप लगाए जाने के बाद सीलमपुर की ब्लॉक लेवल ऑफिसर सबीना सादिक ने बताया कि वोट डालने आई एक महिला मतदाता को बताया गया कि उसका वोट पहले ही डाला जा चुका है। उस समय मतदान को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। दिल्ली पुलिस ने बताया, "उस्मानपुर की रहने वाली 26 वर्षीय मोहिनी ने पीसीआर को कॉल करके आरोप लगाया था कि उसका वोट पहले ही किसी और ने डाल दिया है। जांच में पता चला कि 60 वर्षीय मुन्नी देवी नाम की एक मतदाता का पता एक ही होने के कारण भ्रम की स्थिति पैदा हुई। 60 वर्षीय महिला पहले उसी पते पर किरायेदार थी। सत्यापन के बाद पीठासीन अधिकारी ने दोनों महिलाओं को वोट डालने की अनुमति दी।

5 Feb 2025, 01:55:24 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली चुनाव के बीच जेपी नड्डा, वीरेंद्र सचदेवा और हर्ष मल्होत्रा ​​दिल्ली भाजपा दफ्तर पहुंचे

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली विधानसभा चुनावों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​के साथ बुधवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय पहुंचे। कई भाजपा नेताओं ने मतदान किया और चुनाव में भाजपा की जीत पर विश्वास जताते हुए कहा कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनेगी।

5 Feb 2025, 01:42:12 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली में दोपहर 1 बजे तक 33.31% वोटिंग

दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान मध्यम गति से चल रहा है। दोपहर 1 बजे तक 33.31% वोटिंग दर्ज की गई है।

5 Feb 2025, 01:38:37 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सोमनाथ भारती ने परिवार के साथ किया वोट

Delhi Chunav 2025 Voting Live : ‘आप’ नेता सोमनाथ भारती ने दिल्ली चुनाव 2025 के लिए मतदान किया। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में हमने अपना मतदान किया है। परिवार के साथ वोट किया है। इस बार जनता की राजनीति के लिए वोट कर रहे हैं, शिक्षा के लिए, स्वास्थ्य के लिए वोट कर रहे हैं...जनता ने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी राजनीति के लिए वोट किया है। हर जगह विचार चल रहा है, लोग इस बात पर जोर दे रहे हैं कि दिल्ली में काम कर रहे हैं।

5 Feb 2025, 01:24:17 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : वीरेंद्र सचदेवा ने कहा- दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि वे ‘आप’ की चालों से सावधान रहें

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "दिल्ली में बदलाव की लहर है। लोग भ्रष्ट सरकार के खिलाफ वोट कर रहे हैं। अब यह 'आप-दा' - 'फर्जी' सरकार इस हद तक पहुंच गई है कि वह फर्जी मतदान की सुविधा दे रही है। हमारे पास जो जानकारी है, उसके अनुसार कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र में लोग फर्जी वोट डालते पकड़े गए हैं। मैं दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि वे ‘आप’ की चालों से सावधान रहें और बड़ी संख्या में मतदान करके प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत और विकसित दिल्ली के संकल्प को पूरा करें।

5 Feb 2025, 01:18:39 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार और नैतिक जिम्मेदारी, पूर्व राष्ट्रपति की दिल्ली के वोटर्स से अपील

Delhi Chunav 2025 Voting Live : पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार ने संसद मार्ग स्थित पालिका केंद्र में एनडीएमसी स्कूल ऑफ साइंस एंड ह्यूमैनिटीज के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद रामनाथ कोविंद ने कहा, "यह दिल्ली के लोगों के लिए लोकतंत्र का त्योहार है और मैं हर मतदाता से अपना वोट डालने की अपील करना चाहूंगा। यह हमारा संवैधानिक अधिकार और नैतिक जिम्मेदारी है। अपने वोट के माध्यम से हम अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुन सकते हैं और अपनी पसंद की सरकार बना सकते हैं। इसलिए, मैं हर मतदाता से वोट देने का आग्रह करता हूं।"

5 Feb 2025, 01:09:25 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस के अफसरों पर लोगों को वोट डालने से रोकने की कोशिश का आरोप लगाया

Delhi Chunav 2025 Voting Live : ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से ‘आप’ उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस चिराग दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोगों को वोट डालने से रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा, "आप सुबह से ही चुनाव को प्रभावित करने के लिए यहां खड़े हैं। यहां बैरिकेड क्यों लगाए गए हैं? दिल्ली पुलिस के किस वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें बैरिकेड लगाने के लिए कहा है? यह सब गरीब ग्रामीणों को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। मालवीय नगर के एसीपी और एसएचओ खुलेआम यह सब कर रहे हैं, जहां भी आप का गढ़ है। एसएचओ ने कल रात हमारे निजी परिसर में छापा भी मारा। यहां 21,000 लोगों ने वोट डाला। चिराग दिल्ली के सभी 17-18 मतदान केंद्रों पर पुलिस ऐसा कर रही है। लोग न तो मेट्रो से आ सकते हैं और न ही सड़कों से वोट डालने आ सकते हैं...क्या वीरेंद्र सचदेवा या राष्ट्रपति मुर्मू मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर कार से उतरे? कोई दिशा-निर्देश नहीं हैं।"

5 Feb 2025, 01:01:43 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली के लोगों ने डबल इंजन वाली सरकार के उदाहरण देखे हैं : दुष्यंत गौतम

Delhi Chunav 2025 Voting Live : करोल बाग विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दुष्यंत गौतम ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद दुष्यंत गौतम ने कहा कि लोग बदलाव चाहते हैं। दिल्ली के लोगों ने डबल इंजन वाली सरकार के उदाहरण देखे हैं। देश का दिल दिल्ली इस ‘आप’ सरकार के अधीन वेंटिलेटर पर है। लोग अब यह मान चुके हैं कि अरविंद केजरीवाल केवल झूठ बोलते हैं और कुछ नहीं करते, इसलिए वे इस बार भाजपा सरकार चाहते हैं।

5 Feb 2025, 12:40:54 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोधी एस्टेट के अटल आदर्श विद्यालय स्कूल में डाला वोट

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली: कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोधी एस्टेट के अटल आदर्श विद्यालय स्कूल में अपना वोट डाला।

5 Feb 2025, 12:35:16 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सभी को करना चाहिए मतदान: आरजेडी सांसद मनोज झा

Delhi Chunav 2025 Voting Live : राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा ने कहा, 'आज का दिन बहुत अहम है, मैंने भी सुबह-सुबह मतदान किया। मैं दिल्ली के लोगों से मतदान करने की अपील करता हूं, क्योंकि यह लोगों का त्योहार है और सभी को इसमें हिस्सा लेना चाहिए। मैं लोगों की तरफ से अपील करता हूं कि इस परंपरा को खत्म करें जहां राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को दुश्मन माना जाता है।'

5 Feb 2025, 12:25:24 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : युवा वोटर्स को सीजेआई का मैसेज

Delhi Chunav 2025 Voting Live : भारत के पूर्व चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, 'मुझे लगता है कि हमारा लोकतंत्र असाधारण रूप से परिपक्व है और लोग अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग हैं। वे जानते हैं कि उन्हें किस तरह से अपना वोट डालना है। सुप्रीम कोर्ट ने बार-बार ईवीएम की वैधता को बरकरार रखा है। सुप्रीम कोर्ट संवैधानिक क्षेत्र में निर्णय लेने के मामले में अंतिम आवाज है, जिसने ईवीएम की वैधता की पुष्टि की है, और मुझे लगता है कि हमें इसे स्वीकार करना चाहिए, यह सुप्रीम कोर्ट का फैसला है। युवा मतदाताओं को मेरा संदेश है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यह प्रत्येक नागरिक के जीवन में एक असाधारण महत्वपूर्ण घटना है। हमारा संविधान कुछ उन संविधानों में से एक है, जिसने मतदान की आयु प्राप्त करने वाले प्रत्येक नागरिक को जन्म के समय ही मतदान का अधिकार दिया।'

5 Feb 2025, 12:22:48 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : मंगोलपुरी विधानसभा में युवा संचालित बूथ पर अबतक 1800 वोट पड़े

Delhi Chunav 2025 Voting Live : मंगोलपुरी विधानसभा में युवा संचालित बूथ पर अबतक 1800 वोट डाले जा चुके हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 8000 है।

5 Feb 2025, 12:16:09 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सोनिया गांधी ने किया मतदान

Delhi Chunav 2025 Voting Live : कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ जाकर दिल्ली चुनाव 2025 में लिए नई दिल्ली के निर्माण भवन में अपना वोट डाला। इस दौरान नई दिल्ली विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार संदीप दीक्षित भी उनके साथ रहे।

5 Feb 2025, 12:06:05 PM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : पूर्व सीजेआई ने पत्नी संग डाला वोट

Delhi Chunav 2025 Voting Live : भारत के पूर्व चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने अपनी पत्नी कल्पना दास के साथ तीन मूर्ति के पास लायंस विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।

5 Feb 2025, 11:58:04 AM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : सुनीता केजरीवाल बोलीं- हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली के लोग सही चुनाव करेंगे

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना वोट डालने के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोग बहुत समझदार हैं। हम उन पर भरोसा करते हैं। वे 'गुंडागर्दी' बर्दाश्त नहीं करते हैं। इसलिए, हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली के लोग सही चुनाव करेंगे।

5 Feb 2025, 11:55:15 AM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली चुनाव में केजरीवाल ने परिवार संग जाकर किया मतदान

Delhi Chunav 2025 Voting Live : नई दिल्ली विधानसभा सीट से ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपना वोट डाला। केजरीवाल के माता-पिता, पत्नी और बेटे ने भी यहीं अपना वोट डाला। नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक का मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भाजपा के प्रवेश वर्मा से है।

5 Feb 2025, 11:43:09 AM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली चुनाव सुबह 11 बजे तक 19.95% मतदान

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में सुबह 11 बजे तक 19.95% मतदान दर्ज किया गया।

5 Feb 2025, 11:40:37 AM IST

Delhi Chunav 2025 Voting Live : योगेंद्र चंदोलिया ने रोहिणी में किया मतदान

Delhi Chunav 2025 Voting Live : भाजपा के उत्तर पश्चिमी दिल्ली के सासंद योगेंद्र चंदोलिया ने रोहिणी सेक्टर 13 के वीएसपीके इंटरनेशनल स्कूल में मतदान किया।

दिल्ली विधानसभा चुनाव और दिल्ली चुनाव रिजल्ट से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।