Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi ncr mausam minimum temperature dips imd dense fog yellow orange alert rain on weekend

अभी और ठिठुरेगा दिल्ली-NCR, वीकेंड पर बदल जाएगा मौसम; घने कोहरे का ऑरेंज-येलो अलर्ट

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर कंपकंपाने वाली ठंड का सितम जारी है। बुधवार को धूप निकली जिसने लोगों को हल्की राहत दी। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। घना कोहरा भी छाया रहा।

Sneha Baluni नई दिल्ली। हिन्दुस्तान टाइम्सThu, 9 Jan 2025 05:41 AM
share Share
Follow Us on
अभी और ठिठुरेगा दिल्ली-NCR, वीकेंड पर बदल जाएगा मौसम; घने कोहरे का ऑरेंज-येलो अलर्ट

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर कंपकंपाने वाली ठंड का सितम जारी है। बुधवार को धूप निकली जिसने लोगों को हल्की राहत दी। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। घना कोहरा भी छाया रहा। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस था। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अनुमान लगाया है कि यह गिरावट फिलहाल जारी रहेगी और शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम इसी हफ्ते करवट लेगा।

घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज और कल दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 05 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इससे ठंड और बढ़ेगी। वहीं, हवा की गति दो से छह किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी, जिससे घना कोहरा देखने को मिल सकता है। विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी के अलावा हरियाणा, यूपी, बिहार और झारखंड में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी के ज्यादातर इलाकों में बुधवार की सुबह घना कोहरा देखने को मिला। खासतौर पर पालम मौसम केन्द्र में सुबह साढ़े पांच से छह बजे के बीच दृश्यता का स्तर शून्य तक पहुंच गया।

दिन में ठंड का अहसास

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की वेबसाइट पर सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 324 (‘बहुत खराब’) रिकॉर्ड किया गया। इसी बीच स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि लगातार ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो दिन में भी ठंडक का एहसास करवा रही हैं। उन्होंने कहा, 'धूप के साथ भी, ये हवाएं ठंड को बढ़ाएंगी और अधिकतम तापमान को कम रखेंगी। न्यूनतम तापमान में भी तेजी से गिरावट आएगी। शनिवार से एक बार फिर तापमान में इजाफा हो सकता है क्योंकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है।'

ये भी पढ़ें:दिल्ली में 5 डिग्री गिरेगा तापमान, बारिश और कोहरे का डबल अटैक; 14 जनवरी तक हाल
ये भी पढ़ें:दिल्ली में प्रचंड हुई ठंड, बारिश से बढ़ी ठिठुरन, 3 दिन घने कोहरे का येलो अलर्ट

वीकेंड पर बदलेगा मौसम

पलावत ने कहा, 'वीकेंड में हवाएं एक बार फिर धीमी हो जाएंगी, लेकिन दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद है, लेकिन अधिकतम तापमान कम रहेगा।' वहीं आईएमडी पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को आसमान पर बादल छाए रह सकते हैं। शुक्रवार को बादलों की आवाजाही रहेगी। शनिवार को आसमान साफ रहेगा। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदलेगा और दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होगी। सोमवार को भी बारिश की उम्मीद है। इसके बाद मंगलवार और बुधवार को आसमान साफ रहेगा।

अगला लेखऐप पर पढ़ें