Hindi Newsएनसीआर न्यूज़arvind kejriwal on income tax announcement by modi government

...तो GST भी आधा हो जाएगा, इनकम टैक्स छूट पर केजरीवाल की नई दलील

आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में वोटिंग से ठीक पहले इनकम टैक्स में दी गई बड़ी छूट को लोकसभा चुनाव में भाजपा की घटी सीटों से जोड़ा है।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 3 Feb 2025 12:36 PM
share Share
Follow Us on
...तो GST भी आधा हो जाएगा, इनकम टैक्स छूट पर केजरीवाल की नई दलील

आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में वोटिंग से ठीक पहले इनकम टैक्स में दी गई बड़ी छूट को लोकसभा चुनाव में भाजपा की घटी सीटों से जोड़ा है। उन्होंने कहा है कि यदि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा हार गई तो जीएसटी की दर भी आधी घट जाएगी।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि यदि भाजपा को दिल्ली में अच्छे से हरा दिया गया तो सभी वस्तुओं से जीएसटी आधा कर दिया जाएगा। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा,'पिछले दस सालों में मोदी सरकार ने अपने अरबपति दोस्तों को फायदा पहुंचाने के अलावा आम जनता के लिए कुछ नहीं किया। जैसे ही आप लोगों ने इनको लोकसभा में कम सीटें दीं, तो इन्होंने तुरंत बजट में 12 लाख की छूट दे दी। एक बार दिल्ली चुनाव में इनको अच्छे से हरा दो, देख लेना ये सभी वस्तुओं पर GST के रेट भी आधे कर देंगे।'

ये भी पढ़ें:दिल्ली में कितने लोग बदलना चाहते हैं सरकार, C वोटर ने बताया जनता का मूड

1 फरवरी को आए बजट में मोदी सरकार ने 12 लाख रुपए तक सालाना आमदनी वाले लोगों का टैक्स माफ करने का ऐलान किया है। दिल्ली चुनाव से पहले इसे मिडिल क्लास के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। केजरीवाल ने हाल ही में मिडिल क्लास को लुभाने की कोशिश के तहत एक 'मेनिफेस्टो' जारी करते हुए केंद्र सरकार के सामने 7 मांगें रखी थीं। इसमें उन्होंने यह भी मांग की थी कि इनकम टैक्स छूट को 7 लाख से बढ़ाकर कम से कम 10 लाख कर दिया जाए।

केंद्र सरकार ने अरविंद केजरीवाल की मांग से अधिक राहत देते हुए 12 लाख रुपए तक की आमदनी वाले लोगों को तोहफा दे दिया। अब पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे लोकसभा चुनाव से जोड़ते हुए दिल्ली के लोगों को भाजपा के खिलाफ वोट डालने को कहा है। हालांकि, दिल्ली में सभी सातों सीटें भाजपा ने जीती थीं। लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी 240 सीटों पर सिमट गई थी, जबकि 2019 में 303 सीटों पर कब्जा किया था।

अगला लेखऐप पर पढ़ें