Hindi Newsदेश न्यूज़why aam aadmi party not able to fight bjp gujarat himachal uttarakhand goa election - India Hindi News

क्या भाजपा के मुकाबले नहीं टिक रही AAP? उत्तराखंड, गुजरात, गोवा और हिमाचल से संकेत

हिमाचल में 'आप' को 1 फीसदी वोट ही मिला और अधिकतर सीटों पर उनके उम्मीदवारों की जमानत ही जब्त हो गई। यही नहीं गुजरात में भी 128 सीटों पर केजरीवाल के विधायक उम्मीदवार जमानत नहीं बचा सके।

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 12 Dec 2022 04:31 AM
share Share

गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 13 फीसदी वोट पाकर राष्ट्रीय दल का दर्जा हासिल कर लिया है। चुनाव नतीजों के बाद मुस्कुराहट के साथ अरविंद केजरीवाल सामने आए और गुजरात की जनता का धन्यवाद दिया कि उनके समर्थन से हमें राष्ट्रीय दल दर्जा मिल गया है। अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में एक तरह से गुजरात और हिमाचल के नतीजों को 'आप' के लिए पॉजिटिव साबित करने की कोशिश की। हिमाचल में उनकी पार्टी को 1 फीसदी वोट ही मिला और अधिकतर सीटों पर उनके उम्मीदवारों की जमानत ही जब्त हो गई। यही नहीं गुजरात में भी 128 सीटों पर केजरीवाल के विधायक उम्मीदवार जमानत नहीं बचा सके।

साफ है कि दोनों राज्यों में एक तरह से मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी को खारिज ही किया है। हिमाचल में भाजपा के विकल्प के तौर पर वोटरों ने कांग्रेस को ही मजबूत माना तो वहीं गुजरात में भाजपा के साथ ही डटे रहे। हिमाचल में भी भाजपा का मत प्रतिशत कांगेस के मुकाबले बहुत कम नहीं है। यानी दोनों पार्टियों के बीच 'आप' अप्रासंगिक ही दिखी। फिर भी अरविंद केजरीवाल ने अच्छी तस्वीर ही पेश करने की कोशिश की। हालांकि चुनावी विश्लेषक इन नतीजों को केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के लिए उजली तस्वीर नहीं मानते। इन नतीजों से यह साफ हुआ है कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस के मतदाताओं को तो लुभा सकती है, लेकिन भाजपा के समर्थक वर्ग में घुसपैठ नहीं कर पा रही।

पंजाब और दिल्ली में भी कांग्रेस को ही किया रिप्लेस

बीते एक दशक के सफर में दिल्ली, पंजाब और नगर निगम के चुनाव में सत्ता हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी के लिए ये नतीजे क्या इस बात के संकेत हैं कि वह भाजपा का राष्ट्रीय स्तर पर अभी विकल्प नहीं हो सकती? इसके पीछे कुछ तर्क भी दिए जा रहे हैं। जैसे आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शीला दीक्षित की कांग्रेस सरकार को बेदखल कर सत्ता पाई थी। इसी तरह पंजाब में भी उसने कांग्रेस और अकालियों को ही हटाकर सत्ता पाई थी। अब दिल्ली एमसीडी की बात करें तो यहां भले ही भाजपा को पराजय मिली, लेकिन वह 100 सीटें जीत गई। यही नहीं वोट प्रतिशत घटने की बजाय और बढ़ ही गया। आम आदमी पार्टी की जीत की इकलौती वजह यही रही कि 2017 के मुकाबले कांग्रेस का वोट घटा और वह आम आदमी पार्टी के पाले में आ गया। 

गोवा, हिमाचल और उत्तराखंड में नहीं कर सकी कमाल

गोवा, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे छोटे राज्यों में भी आम आदमी पार्टी ने पूरी जान लगाई थी, लेकिन बदले में उसे 1 फीसदी के करीब ही वोट मिल सके। साफ है कि जहां भाजपा का शासन रहा है, वहां आम आदमी पार्टी ऐंटी इनकम्बैंसी की वैसी लहर नहीं पैदा कर सकी, जैसा कांग्रेस के खिलाफ कर पाई। इसी तरह आम आदमी पार्टी ने गुजरात के जिन ग्रामीण और शहरी इलाकों में अच्छा प्रदर्शन किया है, वहां परंपरागत रूप से कांग्रेस ही मजबूत रही है। साफ है कि अब तक आम आदमी पार्टी कांग्रेस की कीमत पर ही बढ़ी है। ऐसे में भाजपा के मुकाबले राष्ट्रीय विकल्प बनने के लिए उसे अभी और मेहनत करनी होगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें