Hindi Newsदेश न्यूज़Which Exit Poll Results became true in Gujarat and Himachal pradesh assembly election complete analysis - India Hindi News

क्या सही साबित हुए हिमाचल प्रदेश और गुजरात चुनावों पर एग्जिट पोल के नतीजे? जानें- पूरा विश्लेषण

एग्जिट पोल भारत में अक्सर चुनाव परिणामों की भविष्यवाणी करते समय गलत हो जाते हैं क्योंकि इस खेल में कई जटिल कारक होते हैं।मतदाता जब पोलिंग बूथ से बाहर निकलते हैं, तब उनसे बातचीत कर इसका अनुमान लगाते है

Pramod Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 9 Dec 2022 04:06 AM
share Share

वैसे तो सभी एग्जिट पोल ने गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की जीत की भविष्यवाणी की थी, लेकिन बहुत कम एजेंसियां उसका सही आंकलन लगाने में खरी उतर सकीं। हिमाचल प्रदेश चुनावों में भी कांग्रेस की बड़ी जीत का अनुमान लगाने में लगभग सभी एजेंसियां विफल रहीं।

गुजरात की 182 सदस्यीय राज्य विधानसभा में बीजेपी ने 156 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जबकि, कांग्रेस 17 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही और आम आदमी पार्टी को सिर्फ पांच सीटें मिलीं हैं।

आजतक-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल ने लगभग सही भविष्यवाणी की थी। इस पोल में बीजेपी के लिए 129-151 सीटें, कांग्रेस के लिए 16-30 सीटें और आप के लिए 9-21 सीटों की भविष्यवाणी की गई थी, जो लगभग सही है।

न्यूज 24-टुडेज चाणक्य भी एग्जिट पोल की अपनी भविष्यवाणी के करीब रहा। उस सर्वे में भी बीजेपी के लिए औसतन 150, कांग्रेस के लिए 19 और आप के लिए 11 सीटों का अनुमान लगाया था। हालांकि, आप की सीटों की सही भविष्यवाणी करने में दोनों एजेंसियां  थोड़ा चूक गईं।

एबीपी न्यूज सी-वोटर ने गुजरात में बीजेपी के लिए 128-140, कांग्रेस के लिए 31-43 और आप के लिए 3-11 सीटों की भविष्यवाणी की थी। गुजरात चुनाव पर न्यूज एक्स-जन की बात एग्जिट पोल ने कहा था कि भाजपा को 117-140 सीटें, कांग्रेस-एनसीपी को 34-51, आप को 6-13 और अन्य को 1-2 सीट मिलने की संभावना है लेकिन ये सच साबित नहीं हो सकी।

रिपब्लिक टीवी P-MARQ ने भविष्यवाणी की थी कि बीजेपी को 128-148 सीटें, कांग्रेस-एनसीपी को 30-42, आप को 2-10 और अन्य को 0-3 सीटें मिलेंगी।

TV9 गुजराती का अनुमान था कि बीजेपी को 125-130 सीटें, कांग्रेस-एनसीपी को 40-50, आप को 3-5 और अन्य को तीन-सात सीटें मिलेंगी।

इंडिया टीवी-मैट्रिज एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी को 112-121 सीटें, कांग्रेस को 51-61 और आप को एक-सात सीटें मिलने की संभावना थी।

ज़ी न्यूज़-बीएआरसी पोल ने बीजेपी को 110-125 सीटें, कांग्रेस को 45-60 और आप को एक-पांच सीटें दी थीं।

उधर, हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस ने 40 सीटें जीतकर बीजेपी की सत्ता से विदाई करा दी है। बीजेपी ने वहां 25 सीटें हासिल की हैं। निर्दलियों के खाते में तीन सीटें गई हैं। आम आदमी पार्टी ने पहाड़ी राज्य की 67 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे लेकिन एक पर भी जीत नहीं सकी।

हिमाचल प्रदेश के एग्जिट पोल में भी आजतक-एक्सिस माई इंडिया की भविष्यवाणी सही निकली। इसने भविष्यवाणी की थी कि भाजपा को 24-34 सीटें और कांग्रेस को 30-40 सीटें मिलेंगी। इसके अलावा, अधिकांश सर्वेक्षणकर्ताओं का अनुमान सटीक नहीं बैठ पाया। सभी ने भाजपा को ज्यादा बढ़त दी थी और कांग्रेस को बहुमत के आंकड़े से पीछे दिखाया था।

हालांकि, न्यूज 24-टुडेज चाणक्य ने हिमाचल प्रदेश में  प्लस-माइनस सात सीटों के अंतर के साथ भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए 33-33 सीटों की भविष्यवाणी की थी।

एबीपी न्यूज सी-वोटर ने अपने एग्जिट पोल सर्वे में कहा था कि पहाड़ी राज्य में बीजेपी को 33-41 सीटें और कांग्रेस को 24-32 सीटें मिलने की संभावना है। इंडिया टीवी ने भविष्यवाणी की थी कि भाजपा 35-40 सीटें, कांग्रेस 26-31 और आप शून्य हासिल करेगी।

न्यूज एक्स-जन की बात सर्वे में कहा गया था कि पहाड़ी राज्य में भाजपा को 32-40 सीटें, कांग्रेस को 27-34 और आप को शून्य सीटें मिलने की संभावना है, जबकि रिपब्लिक टीवी P-MARQ ने भविष्यवाणी की थी कि भाजपा को 34-39 सीटें, कांग्रेस को 28-33 और AAP को 0-1 सीटें मिलेंगी। टाइम्स नाउ-ETG एग्जिट पोल ने कहा कि भाजपा को मिलने वाली सीटों की औसत संख्या 38 और कांग्रेस की 28 होगी।

Zee News-BARC के अनुसार, भाजपा को हिमाचल प्रदेश में 35-40 सीटें मिलने की उम्मीद थी, जबकि कांग्रेस को 20-25 सीटें मिलने की संभावना थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें